Image Slider


जिस युवती की हत्या के आरोप में पिता और भाई जेल में बंद हैं, वह अचानक जिंदा लौट आई। उसने 27 मई की रात बुरहानपुर जिले के खकनार थाने में जाकर बताया- साहब! मैं जिंदा हूं…मेरे पिता और भाई को छोड़ दीजिए। खकनार थाना प्रभारी अभिषेक जाधव ने बताया कि शिवानी 24 अप्रैल को लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर 1 मई को खकनार थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। जांच के दौरान पता चला कि क्षेत्र का ही एक युवक अर्जुन भी लापता है। दोनों के साथ रहने की जानकारी सामने आई। अर्जुन की गुमशुदगी 9 मई को दर्ज की गई थी। महाराष्ट्र में मिली जली लाश, पुलिस ने शिवानी की मान ली इसी दौरान महाराष्ट्र के जलगांव जामोद क्षेत्र में एक युवती की सिर कटी और जली हुई लाश मिली, जिसकी पहचान नहीं हो पा रही थी। सीसीटीएनएस पर दर्ज गुमशुदगी के आधार पर महाराष्ट्र पुलिस बुरहानपुर पहुंची। खकनार पुलिस से जानकारी लेने के बाद उस अज्ञात शव को शिवानी मान लिया गया। इसके बाद शिवानी के पिता बापूराव और भाई अजय को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर बुलढाणा जेल भेज दिया गया। पिता-भाई की गिरफ्तारी का पता चला तो सामने आई शिवानी मामले ने तब नया मोड़ लिया, जब शिवानी को पता चला कि उसके पिता और भाई उसकी हत्या के आरोप में जेल में हैं। इसके बाद उसने परिजनों से संपर्क किया। सूचना मिलते ही खकनार पुलिस ने शिवानी और अर्जुन को खोज निकाला। शिवानी ने पुलिस को बताया कि वह 24 अप्रैल को अर्जुन के साथ चली गई थी और दोनों जिंदा हैं। उसने कहा कि वह अपने पिता और भाई को जेल से छुड़ाना चाहती है। थम इंप्रेशन और सरकारी आईडी से हुई पहचान, पिता की होगी रिहाई टीआई के अनुसार, शिवानी की पहचान थम इंप्रेशन और सरकारी पहचान पत्रों के जरिए की गई। परिजनों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर पुष्टि की गई कि वह शिवानी ही है। बुधवार रात महाराष्ट्र पुलिस शिवानी और अर्जुन को अपने साथ जलगांव जामोद ले गई। अब उसके पिता और भाई की रिहाई की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जली हुई लाश किसकी थी? नए सिरे से होगी जांच शिवानी के जिंदा सामने आने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि महाराष्ट्र में मिली सिर कटी और जली हुई लाश आखिर किसकी थी? खकनार पुलिस का कहना है कि अब पूरे मामले की नए सिरे से जांच होगी और अज्ञात शव की पहचान के साथ पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाई जाएगी।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||