-ई-लॉटरी के पांचवें चरण में गौतमबुद्ध नगर ने बनाया नया रिकॉर्ड
-आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव की कार्यशैली से विभाग को मिला बड़ा फायदा
-11 दुकानों के लिए उमड़े 360 आवेदन, करोड़ों की आय से विभाग उत्साहित
-नई दुकानों के पुनर्व्यवस्थापन ने बढ़ाया राजस्व, विभाग की रणनीति रही सफल
उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। उत्तर प्रदेश सरकार की आबकारी नीति 2026-27 के तहत आयोजित ई-लॉटरी प्रक्रिया का पांचवां चरण शुक्रवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस चरण में गौतमबुद्ध नगर जनपद ने न केवल रिकॉर्ड आवेदन प्राप्त किए, बल्कि करोड़ों रुपये के राजस्व अर्जन की दिशा में भी बड़ी उपलब्धि हासिल की। जिले में आबकारी विभाग की सक्रिय कार्यशैली और रणनीतिक योजना के चलते विभाग को आवेदन शुल्क के रूप में ही करोड़ों रुपये की आय प्राप्त हुई है। वहीं आने वाले वित्तीय वर्ष में इन दुकानों से लगभग 50 करोड़ रुपये के राजस्व प्राप्त होने का अनुमान लगाया गया है। जनपद में आबकारी विभाग की इस सफलता के पीछे जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका मानी जा रही है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार पांचवें चरण से पहले जिले में चार शराब की दुकानें ऐसी थीं, जिनकी लाइसेंस फीस अधिक होने के कारण उन्हें आवेदक नहीं मिल पा रहे थे। इससे विभाग के सामने राजस्व प्रभावित होने की चुनौती खड़ी हो गई थी। स्थिति को देखते हुए जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने रणनीतिक रूप से दुकानों के पुनर्व्यवस्थापन की योजना तैयार की। विभाग ने एक देशी शराब की दुकान और तीन मॉडल शॉप सहित कुल चार दुकानों के राजस्व संतुलन के लिए सात नई दुकानों का पुनर्व्यवस्थापन किया। इस निर्णय का सकारात्मक असर देखने को मिला और जिले में कुल 11 दुकानों के लिए करीब 360 आवेदन प्राप्त हुए।
ई-लॉटरी प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में आवेदकों की भागीदारी ने यह स्पष्ट कर दिया कि विभाग की नई रणनीति प्रभावी साबित हुई है। विभाग को केवल आवेदन शुल्क के रूप में लगभग 2.75 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। अधिकारियों का मानना है कि इन दुकानों के संचालन से आगामी वित्तीय वर्ष में लगभग 50 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित होगा, जो जिले के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। आबकारी विभाग की कार्यशैली की चर्चा अब जिले में व्यापक रूप से हो रही है। विभाग ने जिस प्रकार से राजस्व प्रभावित होने की आशंका को अवसर में बदला, वह प्रशासनिक स्तर पर भी सराहना का विषय बना हुआ है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने पूरी प्रक्रिया में न केवल पारदर्शिता बनाए रखी, बल्कि विभागीय टीम के साथ समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूरे कराए। सूत्रों के अनुसार ई-लॉटरी प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए विभाग ने लगातार निगरानी, तकनीकी समन्वय और आवेदकों की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया।
यही कारण रहा कि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। विभागीय टीम द्वारा आवेदन प्रक्रिया से लेकर लॉटरी संचालन तक हर चरण में सतर्कता बरती गई। जिले में आबकारी विभाग की इस सफलता को राजस्व हित में उठाया गया बड़ा कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यदि समय रहते दुकानों के पुनर्व्यवस्थापन का निर्णय नहीं लिया जाता, तो विभाग को राजस्व हानि उठानी पड़ सकती थी। लेकिन आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव की दूरदर्शी सोच और योजनाबद्ध कार्यशैली के कारण न केवल रुकी हुई प्रक्रिया आगे बढ़ी, बल्कि राजस्व में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी सुनिश्चित हुई। विभागीय सूत्रों का कहना है कि जिला आबकारी अधिकारी लगातार जिले में राजस्व बढ़ाने और विभागीय व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए नई योजनाओं पर कार्य कर रहे हैं।
उनकी कार्यशैली का ही परिणाम है कि गौतमबुद्ध नगर प्रदेश के उन जिलों में शामिल हो गया है जहां आबकारी विभाग ने ई-लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से प्रभावी राजस्व प्रबंधन का उदाहरण प्रस्तुत किया है। जनपद में आबकारी विभाग की इस उपलब्धि के बाद विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों में भी उत्साह का माहौल है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में विभाग इसी प्रकार की योजनाओं और रणनीतियों के माध्यम से राजस्व वृद्धि के नए आयाम स्थापित करेगा।
आबकारी ई-लॉटरी प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और सुचारु व्यवस्था के साथ संपन्न कराया गया है। जिन दुकानों पर आवेदन कम थे, उनके राजस्व संतुलन को ध्यान में रखते हुए पुनर्व्यवस्थापन की रणनीति बनाई गई, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है। विभाग का प्रयास है कि शासन को अधिकतम राजस्व प्राप्त हो और पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से संचालित हो।
अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव
जिला आबकारी
गौतमबद्ध नगर
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



