Image Slider

-रीति फाउंडेशन की पहल पर डॉ. नरेंद्र सरस्वत द्वारा संचालित होगी ओपीडी
-पार्षद कुसुम गोयल और पूर्व पार्षद मनोज गोयल ने किया उद्घाटन
-हर रोज शाम 6 से 8 बजे तक मरीजों को दी जाएंगी स्वास्थ्य सेवाएं

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वैशाली क्षेत्र में सामाजिक संस्था रीति फाउंडेशन द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। संस्था के सहयोग से मंगलवार को डॉ. नरेंद्र सरस्वत द्वारा संचालित एक नि:शुल्क ओपीडी की शुरुआत की गई, जिसका उद्घाटन क्षेत्रीय पार्षद कुसुम गोयल और पूर्व पार्षद मनोज गोयल ने संयुक्त रूप से किया। इस ओपीडी के माध्यम से क्षेत्र के जरूरतमंद मरीजों को प्रतिदिन मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान पार्षद कुसुम गोयल ने उपस्थित सभी लोगों को महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं और इस पहल को समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं हर व्यक्ति का मूल अधिकार हैं और इस प्रकार की पहल से खासतौर पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने डॉ. नरेंद्र सरस्वत और रीति फाउंडेशन की पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में इस तरह के सामाजिक कार्य लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनते हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि यह ओपीडी लंबे समय तक चलती रहेगी और अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को इसका लाभ मिलेगा। पूर्व पार्षद मनोज गोयल ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में मुफ्त ओपीडी की शुरुआत एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे उन लोगों को काफी राहत मिलेगी जो आर्थिक कारणों से समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं ले पाते। उन्होंने कहा कि समाज में डॉक्टरों और सामाजिक संस्थाओं की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होती है और ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक साबित होते हैं। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को बताया गया कि यह मुफ्त ओपीडी प्रतिदिन शाम 6 बजे से 8 बजे तक संचालित की जाएगी, जिसमें मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श और प्राथमिक उपचार की सुविधा दी जाएगी। ओपीडी के माध्यम से क्षेत्र के बुजुर्गों, महिलाओं और जरूरतमंद लोगों को विशेष रूप से लाभ मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम के दौरान कई सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोग भी मौजूद रहे। इनमें डॉ. रितु वर्मा, शिव शंकर उपाध्याय, भाजपा नेत्री विमला भट्ट, पवित्रा, रेनू नेगी, मनीष खन्ना, कृष्णा, अंजना, रेखा और पूनम सहित अन्य महिलाएं और स्थानीय नागरिक शामिल रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक सकारात्मक कदम बताया। रीति फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि संस्था का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता करना और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य के तहत इस मुफ्त ओपीडी की शुरुआत की गई है, ताकि क्षेत्र के लोगों को आसानी से चिकित्सा परामर्श मिल सके। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और समाज में उनकी भूमिका को लेकर अपने विचार भी साझा किए और इस पहल को महिला दिवस के अवसर पर समाज के लिए एक सार्थक संदेश बताया।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||