Image Slider

-शहर के विभिन्न सेक्टरों का किया निरीक्षण, मलबा और गंदगी मिलने पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई
-डोर-टू-डोर कूड़ा उठान में लापरवाही पर एजेंसी पर पांच लाख रुपये का जुर्माना
-नालों की मरम्मत, सर्विस रोड सुधार, अवैध अतिक्रमण हटाने और बारातघरों के नवीनीकरण के निर्देश

उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश ने मंगलवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सफाई व्यवस्था, सड़कों की स्थिति और सार्वजनिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर गंदगी, मलबा और अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण के महाप्रबंधक (सिविल) एस.पी. सिंह सहित विभिन्न वर्क सर्किलों के वरिष्ठ प्रबंधक भी मौजूद रहे। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने शहर के कई सेक्टरों का दौरा कर मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सेक्टर-8 के ई-9 क्षेत्र के पास मलबे का बड़ा ढेर पाया गया। इस पर नाराजगी जताते हुए मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने संबंधित क्षेत्र में तैनात सफाईकर्मी राहुल और श्रीमती सोनी तथा हेल्थ सुपरवाइजर श्रीप्रकाश मिश्रा की सेवाएं समाप्त करने के निर्देश दिए। इसके अलावा अवर अभियंता हरेन्द्र मलिक का दस दिन का वेतन रोकने का आदेश भी जारी किया गया।

सीईओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नोएडा में स्थित बड़े नालों को कवर करते हुए उनके ऊपर वेंडिंग जोन विकसित करने की संभावनाओं का परीक्षण किया जाए। उनका कहना था कि इससे न केवल शहर की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी बल्कि छोटे व्यापारियों को भी व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जा सकेगा। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नालियां क्षतिग्रस्त पाई गईं। अधिकारियों को तत्काल उनकी मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। सेक्टर-11 के एच-ब्लॉक मार्केट के पास ड्रेन पर प्रीकास्ट स्लैब लगाकर पाथवे को जोडऩे के निर्देश भी दिए गए, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके।

सेक्टर-55 में ट्राइपोड क्षेत्र में मलबा पड़ा हुआ मिला, जिसकी तुरंत सफाई कराने के निर्देश दिए गए। इसी सेक्टर में होटल रेडिसन ब्लू के पास सर्विस रोड की कनेक्टिविटी में सुधार करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया। सेक्टर-57 में सी-4 के पास कूड़ा पड़ा हुआ मिला और सी-60 से सी-63 के आसपास भारी मात्रा में मलबा जमा पाया गया। इस पर सीईओ ने कड़ी कार्रवाई करते हुए संबंधित क्षेत्र में तैनात सफाई सुपरवाइजर आजाद की सेवाएं समाप्त करने के निर्देश दिए। खोड़ा क्षेत्र के पास सेंट्रल वर्ज में गंदगी पाई गई, जिसकी सफाई तत्काल कराने को कहा गया। वहीं सेक्टर-62 में सड़कों पर पत्तों और उद्यानिक कचरे का ढेर मिला, जिसे हटाने के निर्देश दिए गए। कई स्थानों पर सर्विस रोड बंद पाई गई और उस पर गंदगी जमा थी।

सीईओ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सर्विस रोड को साफ कर नियमित रूप से आवागमन के लिए खोला जाए। सेक्टर-62 में गुजर रहे नाले के ऊपर फुटपाथ का निर्माण कराने के निर्देश भी दिए गए। इसी क्षेत्र में सड़कों पर बड़ी संख्या में निराश्रित गायें घूमती हुई मिलीं। इसके चलते अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर इन गायों को गौशालाओं में शिफ्ट कराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान सेक्टर-62 स्थित बारातघर का भी निरीक्षण किया गया। सीईओ ने इसके नवीनीकरण के निर्देश देते हुए कहा कि शहर के सभी बारातघरों का सर्वे कराया जाए और आवश्यकता के अनुसार उनका सुधार एवं नवीनीकरण कराया जाए। इसके अलावा सेक्टर-62 में फोर्टिस अस्पताल के पास सड़क के सौंदर्यीकरण के निर्देश भी दिए गए। सेक्टर-63 के आंतरिक मार्गों पर सेंट्रल वर्ज में उपलों और सूखी टहनियों का कचरा पाया गया, वहीं ए-ब्लॉक में सूखे पत्तों का ढेर मिला।

इन सभी स्थानों की तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए गए। सेक्टर-63 में नाले में अत्यधिक कूड़ा जमा होने के कारण नाला जाम पाया गया। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए वहां तैनात सफाईकर्मी धर्मवीर और सुपरवाइजर आकाश की सेवाएं समाप्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित प्रबंधक को चेतावनी जारी करने और संविदाकार को ब्लैकलिस्ट करने के लिए नोटिस जारी करने का आदेश भी दिया गया। ग्राम बरौला में हनुमान मूर्ति के सामने 75 मीटर चौड़ी सड़क के पास प्राधिकरण की भूमि पर झुग्गियां बनाकर अवैध अतिक्रमण किया हुआ पाया गया। इस पर सीईओ ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। इसके अलावा सेक्टर-107 के पास नाले की दीवार टूटी हुई पाई गई और सोसाइटी के प्रवेश द्वार पर लोहे की सरिया बाहर निकली हुई मिली, जिसे सुरक्षा की दृष्टि से खतरनाक बताया गया। अधिकारियों को तुरंत इन समस्याओं का समाधान करने को कहा गया।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर एमिटी स्कूल की ओर जाने वाली सर्विस रोड की सतह भी काफी क्षतिग्रस्त पाई गई। इस पर तत्काल पैच रिपेयर का कार्य कराने के निर्देश दिए गए। ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में भी अवैध झुग्गियां बनाकर अतिक्रमण किए जाने की जानकारी मिली, जिसे हटाने के लिए कार्रवाई करने को कहा गया। डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था का निरीक्षण करने पर यह कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके चलते इस कार्य को संभाल रही एजेंसी ए.जी. एनवायरो इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के अंत में सीईओ ने सभी वर्क सर्किलों को निर्देश दिए कि शहर के सभी स्थानों से कूड़ा उठाने की कार्रवाई प्रतिदिन सुबह दस बजे तक हर हाल में सुनिश्चित की जाए।

इसके अलावा शहर के सभी बस स्टॉप की मरम्मत, रखरखाव और नियमित सफाई कराने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि शहर के सभी लेफ्ट टर्न को यथाशीघ्र सुगम बनाया जाए और सभी नालों का सर्वे कर उनके कवर की मरम्मत कराई जाए। सीईओ ने स्पष्ट कहा कि शहर की स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||