Image Slider

विस्तार

गाजियाबाद के डासना स्थित जिला कारागार में बंद सपा नेता आजम खान से शुक्रवार को उनकी पत्नी तंजीन फातिमा और बड़ा बेटा अदीब आजम मुलाकात करने पहुंचे। दोनों ने आजम खान से बातचीत की और उन्हें जल्द जमानत दिलाने का भरोसा दिया। मुलाकात के बाद जेल से बाहर आईं तंजीन फातिमा ने जेल प्रशासन पर लापरवाही बरतने और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराने के आरोप लगाए।


एक नवंबर 2026 से डासना जेल में बंद पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान से मुलाकात के बाद तंजीन फातिमा ने कहा कि उनके पति हृदय रोग और मधुमेह से पीड़ित हैं। इसके बावजूद जेल में उनकी उचित देखभाल नहीं की जा रही है। उन्हें सामान्य बैरक में रखा गया है, जहां बेड समेत जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दवाओं और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं के अभाव में उनकी तबीयत बिगड़ सकती है।

तंजीन फातिमा ने कहा कि आजम खान लोकप्रिय नेता रहे हैं और कई बार क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। मुलायम सिंह यादव उनका काफी सम्मान करते थे। हालांकि, उन्होंने सपा सुप्रीमो पर मुश्किल वक्त में उनके परिवार से दूरी बनाए रखने का आरोप भी लगाया। उन्होंने बताया कि 13 और 16 नवंबर को अदालत में तारीख है। उनका प्रयास है कि कानूनी प्रक्रिया के तहत जल्द से जल्द आजम खान को जेल से बाहर लाया जाए। मुलाकात के दौरान उनके बड़े बेटे अदीब आजम भी मौजूद रहे।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||