गाजियाबाद में ग्रामीण जोन पुलिस ने चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि ग्रामीण जोन के सभी थानों और साइबर व सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए विभिन्न कंपनियों के 504 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
इनकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन उनके असली मालिकों की पहचान कर उन्हें वापस सौंप दिए। डीसीपी ने बताया कि सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल पर मोबाइल चोरी और गुम होने की शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। इन शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए साइबर टीम ने सर्विलांस और मैनुअल इनपुट की मदद से मोबाइल फोन की लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर अलग-अलग स्थानों से मोबाइल फोन बरामद किए गए।
इनमें थाना लोनी से 97, ट्रोनिका सिटी से 29, अंकुर विहार से 17, लोनी बॉर्डर से 70, मसूरी से 95, मुरादनगर से 89, मोदीनगर से 62, निवाड़ी से 20, भोजपुर से 25 मोबाइल पुलिस ने बरामद किए हैं। मोबाइल फोन वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खिल उठे। लंबे समय से अपने खोए हुए मोबाइल मिलने पर लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए पुलिस का आभार जताया। कई लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए तकनीकी संसाधनों की मदद से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।