Image Slider

करोल बाग के गफ्फार मार्केट में भीषण आग की घटना के बाद दिल्ली के व्यापारियों ने बाजारों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने दिवाली और भाई दूज तक प्रमुख बाजारों में 24 घंटे दमकल की गाड़ियां तैनात करने के साथ आग से प्रभावित छोटे कारोबारियों को राहत देने के लिए 100 करोड़ रुपये का विशेष कोष बनाने की मांग की है। सीटीआई ने दिल्ली सरकार से भाई दूज तक राजधानी के 20 भीड़भाड़ वाले बाजारों में चौबीसों घंटे दमकल की गाड़ियां तैनात करने की मांग की है। व्यापारियों के संगठन ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को लिखे पत्र में तत्काल व्यापारी अग्नि आपदा कोष की घोषणा करने की मांग की है। इसका उद्देश्य आग लगने की घटनाओं में दुकानों के क्षतिग्रस्त होने से प्रभावित छोटे व्यापारियों को आर्थिक सहायता देना है। बृहस्पतिवार देर रात गफ्फार मार्केट की चेन वाली गली में आग लग गई थी।

सीटीआई के अनुसार, आग बुझाने के लिए दमकल की 22 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। हालांकि, संकरी गलियों और भारी भीड़ के कारण दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में देरी हुई। दिवाली से महज दो दिन पहले हुई इस घटना ने त्योहारों के व्यस्ततम समय में भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक इलाकों में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों को लेकर व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। सीटीआई के अध्यक्ष बृजेश गोयल ने कहा कि दिल्ली के बाजारों में हर साल दिवाली के आसपास आग लगने की घटनाएं होती हैं, लेकिन ऐसी घटनाओं की जांच के आदेश दिए जाने के बावजूद प्रभावित व्यापारियों को तत्काल कोई सहायता नहीं मिल पाती। उन्होंने कहा कि इस बार हम केवल जांच नहीं चाहते, बल्कि दो ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

इन बाजारों में सुरक्षा की मांग

करोल बाग, गफ्फार मार्केट, सदर बाजार, कश्मीरी गेट, चांदनी चौक, भागीरथ पैलेस, गांधी नगर, लाजपत नगर, सरोजिनी नगर, कमला नगर, लक्ष्मी नगर, तिलक नगर, राजौरी गार्डन, साउथ एक्सटेंशन, कनॉट प्लेस, खान मार्केट, खारी बावली, चावड़ी बाजार और नया बाजार शामिल हैं। गोयल ने कहा कि जिस तरह वीआईपी के आवागमन के दौरान पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाती है, उसी तरह दिवाली के आसपास बाजारों में दमकल की गाड़ियां भी तैनात होनी चाहिए। इससे आग लगते ही उस पर काबू पाया जा सकेगा और बाजारों को बड़े नुकसान से बचाया जा सकेगा। इसके लिए दमकल की गाड़ियों के घटनास्थल तक पहुंचने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सीटीआई ने यह मांग भी की है कि दिवाली और भाई दूज तक इन सभी बाजारों में एक रास्ता दमकल की गाड़ियों और एंबुलेंस के लिए खाली रखा जाए, ताकि आपातकालीन वाहन बिना किसी देरी के प्रभावित इलाकों तक पहुंच सकें। व्यापारियों के संगठन ने अपनी दूसरी मांग के तहत दिल्ली सरकार से 100 करोड़ रुपये का ‘व्यापारी अग्नि आपदा कोष’ बनाने का प्रस्ताव दिया है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत आग से प्रभावित छोटे व्यापारियों को सात दिनों के भीतर पांच लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता या ब्याज-मुक्त ऋण दिया जाना चाहिए।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||