– खुले में कूड़ा जलाने और मलबा डालने वालों पर कार्रवाई करेगा प्राधिकरण
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
राजधानी में बढ़ते वायु प्रदूषण और धूल पर नियंत्रण के लिए डीडीए ने अपने अधिकार क्षेत्र में व्यापक स्तर पर अभियान शुरू किया है। इसके तहत सड़कों की मशीनों से सफाई, पानी का छिड़काव, मिस्टिंग व्यवस्था और एंटी स्मॉग गन तैनात की गई हैं। प्राधिकरण 270 मिस्टिंग पोल से छिड़काव करेगा। इसके अलावा खुले में कूड़ा जलाने, मलबा डालने और धूल फैलाने वाली गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विशेष टीमें भी गठित की हैं।
डीडीए के अनुसार, नरेला में दो मशीनों से सड़कों की सफाई कराई जा रही है। यहां धूल दबाने के लिए सात पानी के छिड़काव वाले टैंकर लगाए गए हैं। रोहिणी में भी एक मशीन से सड़कों की सफाई की जा रही है। वहीं, द्वारका में 270 मिस्टिंग पोल लगाए गए हैं। इनकी कुल लंबाई 11.8 किलोमीटर है। प्रत्येक पोल में 30 फुहार छोड़ने वाले नोजल लगे हैं। ये सुबह सात से 11 बजे और शाम चार से आठ बजे के बीच हर घंटे 10 से 15 मिनट तक चलते हैं। द्वारका के सेक्टर-8 में तीन किलोमीटर लंबा नया मिस्टिंग नेटवर्क भी शुरू किया गया है। इसमें 66 पोल लगाए गए हैं। इसके अलावा द्वारका में धूल नियंत्रण के लिए सात अतिरिक्त पानी के छिड़काव वाले टैंकरों की तैनाती की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। रोहिणी में 18 मीटर से अधिक चौड़ी सड़कों की मशीनों से सफाई की जा रही है। सेक्टर-26, 29, 30, 34, 35, 36 और 37 में करीब 166 किलोमीटर सड़कों की एक दिन छोड़कर सफाई का प्रावधान है। उत्तर क्षेत्र में विकास मीनार पर एक स्थायी एंटी स्मॉग गन लगाई गई है।
21 लाख से अधिक पौधे लगाए : डीडीए ने हरित क्षेत्र बढ़ाने और धूल कम करने के लिए इस वित्त वर्ष में अब तक 21.24 लाख से अधिक पौधे लगाए हैं। पार्कों में 143 एकड़ के धूल भरे हिस्सों पर घास लगाई गई है, जबकि सड़कों के किनारे करीब आठ किलोमीटर हिस्से को हरित क्षेत्र में बदला गया है। पार्कों और सड़क किनारे पेड़-पौधों की धुलाई के साथ पैदल चलने वाले रास्तों पर पानी का छिड़काव भी किया जा रहा है, ताकि धूल हवा में न उड़े। सर्दियों में मौसमी पौधे लगाने की तैयारी भी की जा रही है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



