Image Slider

साहिबाबाद। दिवाली पर घर जाने की तैयारी कर रहे लोगों को ट्रेनों की सीटे फुल होने के कारण अब यात्रियों ने रोडवेज बसों का रुख करना शुरू कर दिया है। रोडवेज की एसी बसों में 20 फीसदी छूट का भी लाभ लेते हुए लोगों ने एक दिन में 500 से अधिक ऑनलाइन टिकट बुक करा रहे हैं। इससे रोडवेज के राजस्व में भी इजाफा हो रहा है।


रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि रविवार को रोडवेज की 71 एसी बसों में 569 यात्रियों ने ऑनलाइन टिकट बुक कराए और इससे एक ही दिन में परिवहन निगम को 1.76 लाख रुपये राजस्व मिला है। दिवाली से पहले बसों में सीटों की मांग बढ़ने लगी है। खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों के लिए यात्रियों की ओर से अधिक बुकिंग कराई जा रही है। इनमें अपने घर और परिवार के साथ त्योहार मनाने जाने वाले नौकरीपेशा लोगों की संख्या अधिक है। ट्रेनों में लंबी वेटिंग और कंफर्म टिकट नहीं मिलने के कारण यात्री बसों को बेहतर विकल्प मान रहे हैं। एसी बसों में ऑनलाइन सीट बुक करने की सुविधा होने से यात्रियों को बस अड्डे पर जाकर टिकट लेने की जरूरत नहीं पड़ रही है। एसी बसों की बुकिंग पर ऑनलाइन और ऑफलाइन बुकिंग पर 20 प्रतिशत की छूट भी मिल रही है। पूरे रीजन की 69 जनरथ व शताब्दी एसी और दो वॉल्वो एसी बसों की बुकिंग ऑनलाइन हो रही है। यह बसें बरेली, लखनऊ, गोरखपुर, मुरादाबाद जैसे लंबी दूरी की रूटों पर संचालित हो रही है। कौशांबी डिपो एआरएम अंशुल भटनागर ने बताया कि दिवाली नजदीक आने के साथ ही बसों की ऑनलाइन बुकिंग में और तेजी आएगी।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||