मोदीनगर। नगर के गुरूद्वारा रोड पर सब्जी खरीदने आई महिला अंबुज लता से टप्पेबाजों ने रास्ता पूछने के बहाने मदद मांगी और उन्हें झांसा देकर नकदी व लाखों की कीमत के गहने ठग लिए। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज की है।
नगर के सीकरी खुर्द मार्ग स्थित संजीवनी इस्टेट कॉलोनी निवासी महिला अंबुज लता के अनुसार शनिवार अपराहन करीब 4 बजे वह नगर के गुरुद्वारा रोड पर सब्जी आदि खरीदने आई थी। इसी दौरान एक टप्पेबाज वहां पहुंचा और उनसे दिल्ली जाने का रास्ता पूछा। टप्पेबाज ने रास्ता पूछने के बाद उनसे किराए के लिए पैसे मांगे। अंबुज लता उनकी मदद करने लगी तभी दूसरा टप्पेबाज भी वहां पहुंच गया और बातों में उलझा लिया। आरोपी उन्हें दिल्ली रोड की तरफ ले आए और झांसा देकर उनके कंगन और अंगूठी उतरवाकर बैग में रखवा दी। आरोपियों ने अंबुज लता को अपने बैग से निकालकर अन्य कंगन और गहने दिखाए और उन्हें पचास हजार रुपये में बेचने का लालच दिया। अंबुज लता ने गहने खरीदने से मना कर दिया। आरोपियों ने मौका देखकर उनके गहने और नकदी रखा बैग बदल दिया और कुछ देर में लौट कर आने की बात कहकर वहां से चले गए। काफी देर बाद भी जब आरोपी वहां नहीं पहुंचे तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने बैग चेक किया तो उसमें नकली कंगन और कंकड़ और नकली नोटों की गड्डी मिली। एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि तहरीर के अनुसार कथित कुणाल और उसके साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||

