-दीपावली से पहले पुलिस का सुरक्षा चक्र मजबूत, हर संदिग्ध गतिविधि पर रहेगी नजर
-अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने साहिबाबाद और शालीमार गार्डन सर्किल की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश
– दीपावली, धनतेरस और भैया दूज पर बाजारों व धार्मिक स्थलों पर बढ़ाई जाएगी पुलिस सतर्कता
– चोरी, लूट, नकबजनी और झपटमारी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बनेगी प्रभावी कार्ययोजना
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आगामी त्योहारों के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा और शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दीपावली, धनतेरस, गोवर्धन पूजा और भैया दूज पर बाजारों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ ही चोरी, लूट, नकबजनी और झपटमारी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं यातायात राजकरन नैय्यर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिसकर्मी अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइंस स्थित परमजीत हॉल में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजकरन नैय्यर ने साहिबाबाद और शालीमार गार्डन सर्किल के पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी की। इसमें सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी और चौकी व हल्का प्रभारी शामिल हुए। बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और आगामी त्योहारों की सुरक्षा तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्र की स्थिति और अपराध की गतिविधियों की जानकारी लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
अपराधियों पर निगरानी, घटनाओं की रोकथाम के लिए बनेगी कार्ययोजना
राजकरन नैय्यर ने कहा कि क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों, गैंगस्टर एक्ट के अभियुक्तों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। चोरी, नकबजनी, लूट और मोबाइल व चेन झपटमारी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए थाना स्तर पर प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। अपराध की प्रवृत्ति वाले व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखी जाए और जरूरत के अनुसार निरोधात्मक कार्रवाई भी की जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि पुराने अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखी जाए। जिन क्षेत्रों में पहले चोरी, लूट या अन्य आपराधिक घटनाएं हुई हैं, वहां विशेष सतर्कता बरती जाए। पुलिस अधिकारी केवल घटनाओं के बाद कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि अपराध होने से पहले ही रोकथाम के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। इसके लिए नियमित गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
बाजारों और धार्मिक स्थलों पर रहेगी विशेष पुलिस व्यवस्था
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने आगामी त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों को पहले से चिह्नित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में त्योहारों के दौरान प्राप्त शिकायतों और डायल-112 पर मिली सूचनाओं का विश्लेषण कर उन स्थानों की पहचान की जाए, जहां विवाद, अव्यवस्था या आपराधिक घटनाओं की आशंका रहती है। ऐसे स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता के साथ पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बाजारों, प्रमुख व्यापारिक प्रतिष्ठानों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त पुलिस व्यवस्था रखने को कहा।
त्योहारों के दौरान खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग बाजारों में पहुंचते हैं। ऐसे में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों की सक्रिय मौजूदगी रहे, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संपर्क बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और गश्त बढ़ाने के निर्देश
बैठक में त्योहारों के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर भी विशेष चर्चा हुई। राजकरन नैय्यर ने यातायात प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि बाजारों और प्रमुख मार्गों पर भीड़ बढऩे के कारण जाम की स्थिति नहीं बनने दी जाए। यातायात पुलिस और थाना पुलिस आपसी समन्वय के साथ काम करें। जरूरत के अनुसार यातायातकर्मियों की तैनाती और वाहनों के आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और चौकी व हल्का प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी गश्त करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और आमजन से लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता और बेहतर जनसंपर्क से लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत होता है।
त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। समीक्षा गोष्ठी में साहिबाबाद सर्किल के थाना साहिबाबाद और लिंक रोड तथा शालीमार गार्डन सर्किल के थाना शालीमार गार्डन और टीला मोड़ के अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने साफ किया कि त्योहारों के दौरान पुलिस की मौजूदगी हर संवेदनशील स्थान पर दिखाई देनी चाहिए, ताकि नागरिक बिना किसी भय के पर्व मना सकें।
आगामी त्योहारों को देखते हुए सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाएं। आम नागरिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित की जाए। अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखें तथा किसी भी सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करें। त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ यातायात को सुचारु रखना भी हमारी जिम्मेदारी है। पुलिस का व्यवहार आमजन के प्रति सहयोगात्मक रहे, ताकि लोग सुरक्षित माहौल में हर्षोल्लास के साथ त्योहार मना सकें। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
-राजकरन नैय्यर
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं यातायात
पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



