Image Slider

  • 36वीं वार्षिक आम सभा में 10 प्रतिशत लाभांश की घोषणा, सदस्यों ने तालियों से किया स्वागत
  • आर्थिक सहायता, मेधावी पुरस्कार और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों की सराहना, समिति को दी बधाई
  • सहकारिता रत्न से सम्मानित हुए संस्थापक गजेन्द्र पाल सिंह सारन, इफको ने दिए एक हजार नीम के पौधे

उदय भूमि संवाददाता
दिल्ली। जय श्री शारदा कोआपरेटिव टीसी सोसायटी लिमिटेड की 36वीं वार्षिक आम सभा शनिवार को स्वर्णकार धर्मशाला, पूर्वी ज्योति नगर, दिल्ली में सोसायटी के अध्यक्ष शिव दत्त सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बैठक में पूर्व निर्धारित एजेंडे के सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए शेयर मनी पर 10 प्रतिशत लाभांश की घोषणा का सदस्यों ने तालियों के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इफको के विपणन निदेशक योगेन्द्र कुमार ने सोसायटी के प्रबंधक मंडल के कार्यों की सराहना की। उन्होंने समिति के संस्थापक गजेन्द्र पाल सिंह सारन को सहकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सहकारिता रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया और उन्हें इफको भ्रमण के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने समिति के वृक्षारोपण अभियान के लिए इफको की ओर से एक हजार नीम के पौधे निशुल्क उपलब्ध कराने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डॉ. सुशील कुमार विमल, डिप्टी कमिश्नर, स्वास्थ्य मंत्रालय, भारत सरकार ने सोसायटी के कार्यों की विशेष रूप से सराहना की।

उन्होंने कहा कि सहकारिता का उद्देश्य केवल आर्थिक गतिविधियों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि समाज और सदस्यों के हित में भी निरंतर कार्य होना चाहिए। उन्होंने सोसायटी द्वारा अपने सदस्यों को आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान करने, पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसे जनोपयोगी मुद्दों पर पूरे वर्ष काम करने के लिए प्रबंधक मंडल को बधाई दी। डॉ. सुशील कुमार विमल ने कहा कि समाज के लिए उपयोगी विषयों को लेकर लगातार सक्रिय रहना संस्था की सामाजिक जिम्मेदारी को दर्शाता है। उन्होंने समिति द्वारा सदस्यों एवं आमजन के लिए आयोजित निशुल्क नेत्र जांच, रक्त जांच, हड्डी जांच और दंत जांच शिविर की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर जरूरतमंद लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्य अतिथि योगेन्द्र कुमार ने कृषि उत्पादन बढ़ाने और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने में इफको की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इफको पूर्णत: किसानों के स्वामित्व वाली संस्था है। उन्होंने समिति के सामाजिक एवं पर्यावरणीय अभियानों में सहयोग का भरोसा भी दिलाया। कार्यक्रम में स्वर्गीय कृपाल सिंह यादव मेमोरियल अवॉर्ड उनकी सुपुत्री रेनू यादव तथा स्वर्गीय सत्यपाल यादव मेमोरियल अवॉर्ड बिमलेश यादव को प्रदान किया गया। मेधावी पुरस्कार प्राप्त करने वाले सदस्यों के बच्चों और उनके अभिभावकों में खासा उत्साह दिखाई दिया। समिति की ओर से सेवानिवृत्त सदस्यों का भी सम्मान किया गया और उनके सुखद भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम को शीतला सोसायटी के प्रबंधक देवेंद्र शर्मा, दिल्ली स्टेट कोआपरेटिव बैंक के पूर्व डीजीएम आनंद चौहान, दिल्ली सरकार के पूर्व उपनिदेशक डॉ. एमपीएस दांगी तथा पूर्व प्रधानाचार्य, अंतरराष्ट्रीय कवि एवं लेखक राम चरण सिंह साथी ने संबोधित किया।

समिति के वरिष्ठ निदेशक विजय सिंह को बेस्ट डायरेक्टर ऑफ द ईयर-2026 तथा समिति प्रबंधक निर्दोष तेवतिया को बेस्ट एम्प्लॉयी ऑफ द ईयर-2026 सम्मान प्रदान किया गया। समिति सचिव गजेन्द्र पाल सिंह सारन और उनकी धर्मपत्नी शारदा रानी को टूरू मीडिया की ओर से टूरू मीडिया गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। सचिव गजेन्द्र पाल सिंह सारन ने कार्यक्रम की सफलता का श्रेय कार्यालय स्टाफ को दिया। कार्यक्रम के अंत में संगीत सम्राज्ञी कुमारी मोंटी ने सरस्वती वंदना और भजनों की प्रस्तुति दी, जिसका उपस्थित लोगों ने तालियों की गडग़ड़ाहट के साथ स्वागत किया।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||