Image Slider

होमखेलक्रिकेटवनडे इतिहास के 5 बल्लेबाज…जिन्होंने एक ओवर में बनाए सबसे ज्यादा रन

Last Updated:

5 batsman Most runs off one over in ODI: वनडे क्रिकेट के इतिहास में कई बार ऐसा तूफानी मंज़र देखा गया है जब एक ही ओवर में गेंदबाजों की जमकर क्लास लगी और रनों का सैलाब आ गया. हर्शल गिब्स के 6 छक्कों से लेकर एबी डिविलियर्स के सिडनी में मचाए तांडव तक, 6 गेंदों पर 30 से अधिक रन बटोरने वाले ये 5 ऐतिहासिक ओवर आज भी फैंस के दिलों में बसे हैं. जानिए वनडे इंटरनेशनल के उन सबसे महंगे और रोमांचक ओवरों के बारे में.

Top Deals Inside

वनडे इतिहास के 5 बल्लेबाज...जिन्होंने एक ओवर में बनाए सबसे ज्यादा रनZoom

वनडे क्रिकेट में एक ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले पांच बल्लेबाज.

नई दिल्ली . वनडे क्रिकेट का इतिहास चौकों-छक्कों की बेमिसाल गाथाओं से भरा पड़ा है. खेल के इस फॉर्मेट में कई ऐसे पल आए जब एक ओवर की छह गेंदों ने पूरे मैच की दिशा बदल दी. बल्लेबाजों का ऐसा रुद्र रूप जिसमें गेंदबाज असहाय नजर आता है और स्टेडियम में मौजूद दर्शक हर गेंद के साथ झूम उठते हैं. वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में एक ही ओवर में रिकॉर्डतोड़ रन ठोकने की ऐसी ही कुछ ऐतिहासिक पारियां हैं, जिन्होंने क्रिकेट की किताबों में अमर स्थान बना लिया है.

साउथ अफ्रीका के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज हर्शल गिब्स (Herschelle Gibbs) ने 2007 के वनडे विश्व कप में वो कारनामा कर दिखाया जो इंटरनेशनल क्रिकेट में इससे पहले कभी नहीं हुआ था. सेंट किट्स के मैदान पर नीदरलैंड्स के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में गिब्स के सामने लेग स्पिनर डैन वैन बंज थे. गिब्स ने नीदरलैंड्स के इस गेंदबाज की ऐसी खबर ली कि क्रिकेट फैंस अपनी उंगलियां दबाने पर मजबूर हो गए. पहली गेंद से लेकर छठी गेंद तक, गिब्स ने एक ही दिशा तय की बाउंड्री के पार. छह गेंदों में लगातार छह छक्के जड़कर गिब्स वनडे इतिहास में एक ओवर में 36 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने. वैन बंज के पास गिब्स की इस आक्रामकता का कोई जवाब नहीं था और यह ओवर विश्व कप इतिहास का सबसे यादगार ओवर बन गया.

एसोसिएट क्रिकेट में जसकरन मल्होत्रा का बड़ा धमाका
गिब्स के ऐतिहासिक रिकॉर्ड की बराबरी करने में दुनिया को करीब 14 साल का लंबा इंतजार करना पड़ा. साल 2021 में अल अमरात (ओमान) के मैदान पर अमेरिका (USA) के बल्लेबाज जसकरन मल्होत्रा ने पपुआ न्यू गिनी (PNG) के खिलाफ अपनी पावर-हिटिंग का लोहा मनवाया. जसकरन ने पीएनजी के गेंदबाज गौडी टोका की हर एक गेंद को बाउंड्री पार भेजा. इस ओवर में गिब्स की तरह ही लगातार छह छक्के लगे और कुल 36 रन बने. एसोसिएट देशों के इस मुकाबले में जसकरन ने अपनी इस तूफानी बल्लेबाजी से साबित कर दिया कि क्रिकेट का रोमांच सिर्फ बड़े टेस्ट देशों तक सीमित नहीं है.

साउथ अफ्रीका के खिलाफ श्रीलंकाई थिसारा परेरा का तूफान
साल 2013 में पालेकेले के मैदान पर श्रीलंका और साउथ अफ्रीका के बीच खेला गया मुकाबला थिसारा परेरा के नाम रहा. परेरा ने साउथ अफ्रीकी बाएं हाथ के स्पिनर रोबिन पीटरसन के एक ओवर में अपने बल्ले का जो जौहर दिखाया, उसे पीटरसन शायद ही कभी भूल पाए हों. हालांकि इस ओवर में लगातार छह छक्के नहीं लगे, लेकिन यह ओवर बेहद ड्रामेटिक रहा. ओवर की शुरुआत परेरा ने छक्के से की, जिसके बाद दूसरी गेंद वाइड रही. इसके बाद अगली तीन गेंदों पर परेरा ने लगातार तीन छक्के जड़े. पांचवीं गेंद पर एक चौका आया और अंतिम गेंद को परेरा ने फिर से बाउंड्री के पार 6 रनों के लिए भेज दिया. इस तरह इस ओवर में कुल 35 रन बने, जो वनडे क्रिकेट के इतिहास का दूसरा सबसे महंगा ओवर साबित हुआ.

मिस्टर 360 एबी डिविलियर्स का सिडनी में तांडव
जब बात एक ही ओवर में तबाही मचाने की हो और उसमें एबी डिविलियर्स (AB de Villiers) का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर 2015 विश्व कप के दौरान वेस्टइंडीज के गेंदबाज जेसन होल्डर के खिलाफ डिविलियर्स का बल्ला नहीं, बल्कि तूफान गरज रहा था. इस ओवर में नो-बॉल और चौकों-छक्कों की ऐसी बौछार हुई कि होल्डर के पसीने छूट गए. डिविलियर्स ने ओवर की शुरुआत चौके से की, जिसके बाद अगली गेंद नो-बॉल रही जिस पर उन्होंने छक्का जड़ दिया. इसके बाद दो रन आए, फिर अगली गेंद फिर नो-बॉल हुई जिस पर डिविलियर्स ने चौका मारा. इसके बाद लगातार दो चौके, फिर दो रन और आखिरी गेंद पर एक गगनचुंबी छक्का. इस लंबे और नाटकीय ओवर से साउथ अफ्रीका के खाते में 34 रन जुड़े और डिविलियर्स ने अपनी मिस्टर 360 वाली छवि को एक बार फिर सही साबित किया.

माउंट माउंगानुई में जेम्स नीशम की रनों की बौछार
साल 2018-19 में न्यूजीलैंड के माउंट माउंगानुई मैदान पर कीवी ऑलराउंडर जेम्स नीशम ने श्रीलंका के थिसारा परेरा को उन्हीं के अंदाज में जवाब दिया. जिस परेरा ने कभी बल्ले से 35 रन बटोरे थे, इस बार वे गेंदबाजी करते हुए नीशम के हत्थे चढ़ गए. नीशम ने ओवर की पहली चार गेंदों पर लगातार चार करारे छक्के जड़कर स्टेडियम में सनसनी फैला दी. पांचवीं गेंद नो-बॉल रही जिस पर 2 रन बने, फिर अगली गेंद पर छक्का और ओवर की आखिरी गेंद पर 1 रन आया. इस तरह नीशम ने परेरा के इस एक ही ओवर में 34 रन कूट डाले.

About the Author

authorimg

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…

और पढ़ें

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||