Image Slider

दिल्ली सरकार की लक्ष्मी योजना का ऑनलाइन फॉर्म घर बैठे मोबाइल से भरना भले आसान हो, लेकिन इसके बाद की प्रक्रिया महिलाओं के लिए परेशानी का सबब बन गई है। ऑनलाइन पंजीकरण के बाद फॉर्म पर विधायक कार्यालय की मुहर लगवाने के लिए महिलाओं को घंटों कतार में खड़ा होना पड़ रहा है। शनिवार को बदरपुर में कार्यालय खुलने से करीब एक घंटे पहले ही महिलाएं पहुंच गईं, जबकि बादली में सुबह सात बजे से ही लाइन लगनी शुरू हो गई। कई जगह भीड़ इतनी रही कि तय समय के बाद फॉर्म जमा करने की प्रक्रिया रोकनी पड़ी और महिलाओं को अगले दिन बुलाया गया।

योजना के लिए एक अगस्त से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हुआ था। बड़ी संख्या में महिलाओं ने मोबाइल से पंजीकरण कराया। अब सत्यापन की अगली प्रक्रिया पूरी कराने के लिए उन्हें विधायक कार्यालयों का रुख करना पड़ रहा है। गर्मी और बारिश के बीच महिलाएं फॉर्म और जरूरी दस्तावेज लेकर अपनी बारी का इंतजार कर रही हैं। कई महिलाओं के साथ पुरुष परिजन भी कतार में खड़े दिखाई दिए।

कतार में खड़ी महिलाओं के बीच योजना की पात्रता, सर्वे और खाते में पहली किस्त आने को लेकर चर्चाएं होती रहीं। कई महिलाओं का कहना था कि ऑनलाइन फॉर्म भरने में दिक्कत नहीं हुई, लेकिन मुहर के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं, किसी महिला के फॉर्म पर मुहर लगते ही उसके चेहरे पर राहत और उम्मीद साफ दिखाई दी।

सत्यापन के लिए अतिरिक्त काउंटर की दरकार

ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के बाद सत्यापन के लिए कार्यालयों पर बढ़ती भीड़ बता रही है कि बड़ी संख्या में महिलाएं योजना से जुड़ना चाहती हैं। ऐसे में सत्यापन के लिए अतिरिक्त काउंटर, पर्याप्त स्टाफ और तय समय के स्लॉट की व्यवस्था की जाए तो महिलाओं को घंटों लाइन में खड़े रहने से राहत मिल सकती है।

बच्चों को घर में छोड़ सुबह से कतार में 

स्थान : बदरपुर | समय : सुबह 8 बजे

बदरपुर विधायक कार्यालय का समय सुबह नौ बजे है, लेकिन महिलाएं आठ बजे से ही पहुंचने लगी थीं। कुछ ही देर में कार्यालय के बाहर लंबी कतार लग गई। कोई छाता लेकर खड़ी थी तो कोई पानी की बोतल के सहारे गर्मी से बचने की कोशिश कर रही थी। कुछ महिलाएं बच्चों को घर पर छोड़कर सत्यापन कराने पहुंची थीं। एक महिला ने बताया कि मोबाइल से ऑनलाइन पंजीकरण आसानी से हो गया, लेकिन सत्यापन की मुहर लगवाने के लिए अब लंबी लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है। करीब एक घंटे इंतजार के बाद भी उनका नंबर नहीं आया। 

  • दोपहर एक बजे के बाद वालंटियर ने फॉर्म जमा करना बंद कर दिया। इसके बाद बाकी महिलाओं को अगले दिन आने के लिए कहा गया। कई महिलाएं घंटों इंतजार के बाद बिना सत्यापन कराए वापस लौट गईं।

टाइम स्लॉट से भीड़ को नियंत्रित करने की व्यवस्था

स्थान : बादली | समय : सुबह 7 बजे

बादली विधानसभा क्षेत्र के विधायक कार्यालय में सुबह सात बजे से ही महिलाओं की कतार लगनी शुरू हो गई। हाथों में फॉर्म और दस्तावेज लिए महिलाएं अपनी बारी का इंतजार करती रहीं। भीड़ को संभालने और प्रक्रिया पूरी कराने के लिए करीब 15-20 लोगों की टीम लगाई गई थी। यहां सीरियल नंबर और टाइम स्लॉट के जरिए भीड़ को नियंत्रित करने की व्यवस्था की गई। पहले महिलाओं की मार्किंग होती है और फिर फोन के जरिये उन्हें स्लॉट दिया जाता है। करीब एक घंटे में 50 से 60 महिलाओं के फॉर्म पर मुहर लगाने की प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी दी गई। स्थानीय स्तर पर रोजाना एक हजार से अधिक महिलाओं के पहुंचने का दावा किया जा रहा है। किसी को हर महीने 2500 रुपये मिलने की उम्मीद है तो कोई खाते में पहली किस्त आने का इंतजार कर रही है। योजना को लेकर महिलाओं में उत्साह है, लेकिन भीड़ के कारण प्रक्रिया पूरी करने में लग रहा समय उनकी परेशानी बढ़ा रहा है।

सात दिन में 5.14 लाख महिलाओं ने कराया पंजीकरण

दिल्ली सरकार की दिल्ली लक्ष्मी योजना शुरू होने के बाद महिलाओं में उत्साह दिख रहा है। शनिवार दोपहर तक 5,14,460 महिलाओं ने पंजीकरण कराया, जबकि 2,18,728 आवेदन अंतिम रूप से जमा हो चुके हैं। 

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे योजना को मिला अभूतपूर्व जनसमर्थन बताया। सरकार के अनुसार, 4,36,316 लाभार्थियों ने जिला या विधानसभा क्षेत्र दर्ज कर दिया है। पंजीकरण में उत्तर-पूर्वी जिला 73,676 के साथ सबसे आगे है, जहां 38,579 आवेदन फाइनल हुए। इसके बाद उत्तर-पश्चिमी जिले में 55,700 और पश्चिमी जिले में 44,358 पंजीकरण हुए। नई दिल्ली जिला 5,573 पंजीकरण के साथ सबसे पीछे रहा, जिनमें 1,801 आवेदन अंतिम रूप से जमा हुए। ब्यूरो

कतार में खड़ी महिलाओं ने बयां की परेशानी

फोन से ऑनलाइन पंजीकरण आसानी से हो गया था। पर, सत्यापन के लिए सुबह से लाइन में खड़ी हूं। दो घंटे से ज्यादा हो गए हैं, अभी तक मेरी बारी नहीं आई। उम्मीद है कि जल्द ही सत्यापन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 

-उर्मिला देवी, मोलरबंद

ऑनलाइन प्रक्रिया काफी आसान और सुविधाजनक रही। घर बैठे ही पंजीकरण हो गया था। लेकिन अब ऑफलाइन सत्यापन के लिए इतनी लंबी कतार में लगना परेशानी का सबब बन रहा है। सुबह से इंतजार कर रही हूं।

– ज्योति दास, धर्मवीर मार्केट

सुबह घर का काम जल्दी निपटाकर सत्यापन के लिए आई हूं। छोटे बच्चे घर पर हैं, इसलिए चाहती हूं कि प्रक्रिया जल्द पूरी हो और मैं वापस घर लौट सकूं। बारिश का भी कोई भरोसा नहीं। योजना का लाभ पाने के लिए इंतजार करना मजबूरी है।  – सुनीता, ताजपुर पहाड़ी

 सत्यापन के लिए लगी लंबी कतार में घंटों खड़े रहने से थकान हो रही है। सुबह से लाइन में खड़ी हूं और पानी पीकर खुद को संभाल रही हूं। उम्मीद है कि अधिकारी जल्द से जल्द सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करेंगे।

– चांदनी देवी  मीठापुर

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||