Cinematic History of 8th August: 8 अगस्त की तारीख बॉलीवुड के बॉक्स ऑफिस कैलेंडर में बेहद खास रही है. इस दिन रिलीज हुई फिल्मों ने कभी रोमांस से दिल जीता, कभी एलियन की कहानी से हैरान किया तो कभी कॉमेडी और एक्शन से सिनेमाघरों में धूम मचाई. ‘परदेस’ से ‘कोई मिल गया’, ‘सिंह इज किंग’ और ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ तक, इस तारीख ने कई बड़ी हिट फिल्में दीं. यही वजह है कि 8 अगस्त को बॉलीवुड की उन लकी रिलीज डेट्स में गिना जा सकता है, जिनसे जुड़ी फिल्मों की बॉक्स ऑफिस कहानी बेहद दिलचस्प है.
नई दिल्ली. भारतीय सिनेमा के इतिहास में कैलेंडर की कुछ तारीखें ऐसी हैं, जो बॉक्स ऑफिस के लिए मानों ‘सोने का अंडा देने वाली मुर्गी’ साबित हुई हैं. इन्हीं में से एक बेहद खास तारीख है 8 अगस्त. बॉलीवुड के अलग-अलग साल में इस तारीख पर जब-जब बड़ी फिल्में रिलीज हुईं, थिएटर्स में दर्शकों का हुजूम उमड़ पड़ा. 1997 से लेकर 2014 के बीच 8 अगस्त को रिलीज हुईं 6 प्रमुख फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी अमिट छाप छोड़ी. इनमें तीन ब्लॉकबस्टर, एक सुपरहिट, एक कल्ट क्लासिक और एक एवरेज फिल्म शामिल है. इस लिस्च में कोई मिल गया से लेकर चेन्नई एक्सप्रेस तक का नाम है.
‘परदेस’ : 8 अगस्त 1997 को शाहरुख खान, महिमा चौधरी और अपूर्व अग्निहोत्री स्टारर ‘परदेस’ रिलीज हुई थी. सुभाष घई के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी भारतीय संस्कारों और विदेश में बसे भारतीय परिवारों के बीच के फर्क पर आधारित थी. फिल्म में शाहरुख ने अर्जुन का किरदार निभाया था, जो एक भारतीय परिवार की बेटी गंगा और अमेरिका में रहने वाले राजीव के रिश्ते को जोड़ने की कोशिश करता है. लेकिन धीरे-धीरे अर्जुन और गंगा के बीच प्यार पनपता है. फिल्म ने भारतीय संस्कृति, रिश्तों और पश्चिमी जीवनशैली के टकराव को कहानी का हिस्सा बनाया. बॉक्स ऑफिस इंडिया के मुताबिक, ‘परदेस’ ने भारत में करीब 22.83 करोड़ रुपये नेट कमाए और इसे सुपरहिट का दर्जा मिला.
‘कोई मिल गया’: 8 अगस्त 2003 को ऋतिक रोशन की ‘कोई मिल गया’ रिलीज हुई. राकेश रोशन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में ऋतिक के साथ प्रीति जिंटा और रेखा नजर आईं. फिल्म की कहानी रोहित मेहरा नाम के युवक की है, जो मानसिक रूप से एक बच्चे जैसा है. उसकी जिंदगी में तब बड़ा बदलाव आता है, जब उसका संपर्क एलियन ‘जादू’ से होता है. जादू की शक्तियों से रोहित की जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है.फिल्म का साइंस-फिक्शन और इमोशनल ड्रामा का मिश्रण दर्शकों को खूब पसंद आया.बॉक्स ऑफिस इंडिया के मुताबिक, 28 करोड़ रुपये में बनी इस फिल्म ने भारत में 47.20 करोड़ रुपये नेट और दुनियाभर में 75.57 करोड़ रुपये की कमाई की. ये फिल्म ब्लॉकबस्टर रही.
Add News18 as
Preferred Source on Google
‘सिंह इज किंग’: 5 साल बाद 8 अगस्त 2008 को अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ की ‘सिंह इज किंग’ रिलीज हुई. अनीस बज्मी के निर्देशन में बनी यह कॉमेडी फिल्म हैप्पी सिंह की कहानी थी, जो ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद अपराध की दुनिया में फंस जाता है और देखते ही देखते वहां का ‘किंग’ बन जाता है. फिल्म में अक्षय कुमार के साथ ओम पुरी, सोनू सूद और नेहा धूपिया भी अहम भूमिकाओं में थे. 40 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने भारत में 100 करोड़ से अधिक की कमाई की. यह फिल्म ब्लॉकबस्टर रही. ये अक्षय कुमार को 100 करोड़ क्लब में शामिल करने वाली पहली फिल्मों में से एक बनी.
‘गैंग्स ऑफ वासेपुर 2’: 8 अगस्त 2012 को अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ का दूसरा पार्ट रिलीज हुआ. मनोज बाजपेयी, नवाजुद्दीन सिद्दीकी और तिग्मांशु धूलिया स्टारर यह फिल्म कोयला माफिया की दुनिया पर आधारित एक अपराध गाथा थी. भले ही बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म ने 35.13 करोड़ रुपये वर्ल्डवाइड कमाए और भारत में 25.25 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन किया, लेकिन इस फिल्म ने ‘कल्ट क्लासिक’ का दर्जा हासिल किया. इसके डायलॉग, किरदार और कहानी ने भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक अमिट छाप छोड़ी.
‘चेन्नई एक्सप्रेस’: 8 अगस्त 2013 को रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ ने सिनेमाघरों में धमाका कर दिया. शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण, निकितिन धीर और सत्यराज अभिनीत इस फिल्म ने 3600 स्क्रीनों पर रिलीज होकर सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए. 115 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने भारत में 207.69 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन किया और यह 2013 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी. फिल्म के डायलॉग्स और गानों को काफी पसंद किया गया. फिल्म को ब्लॉकबस्टर का दर्जा मिला.
‘एंटरटेनमेंट’ – अक्षय कुमार की कॉमेडी जो औसत साबित हुई
‘एंटरटेनमेंट’: 8 अगस्त 2014 को अक्षय कुमार और तमन्ना भाटिया की ‘एंटरटेनमेंट’ रिलीज हुई. साजिद-फरहाद के निर्देशन में बनी इस फिल्म में एक कुत्ता भी कहानी का अहम हिस्सा था, जिसका नाम एंटरटेनमेंट था. फिल्म की कहानी अखिल के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे पता चलता है कि उसके पिता ने अपनी करोड़ों की संपत्ति उसके बजाय अपने पालतू कुत्ते के नाम कर दी है. इसके बाद विरासत हासिल करने के लिए अखिल और उसके आस-पास के लोगों के बीच मजेदार घटनाएं शुरू होती हैं. हालांकि, फिल्म में कॉमेडी और अक्षय कुमार की मौजूदगी थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह ‘परदेस’, ‘कोई मिल गया’ या ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ जैसा कमाल नहीं कर सकी. बॉक्स ऑफिस ने इसे एवरेज ने करार दिया.
इस तरह 8 अगस्त की रिलीज डेट ने बॉलीवुड को कई अलग-अलग जॉनर की फिल्में दीं. ‘परदेस’ का रोमांस और संस्कार, ‘कोई मिल गया’ का साइंस-फिक्शन, ‘सिंह इज किंग’ की कॉमेडी और ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ का मसाला एंटरटेनमेंट. हर फिल्म ने अपने अंदाज में दर्शकों पर छाप छोड़कर इस तारीख में गोल्डन रिकॉर्ड बना लिया.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



