Image Slider

चंदौली: जिले के मुगलसराय में नगर पालिका को जल्द ही नया और आधुनिक कार्यालय भवन मिलने जा रहा है. पुराने फायर ब्रिगेड परिसर की भूमि पर करीब 8 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से मल्टीस्टोरी नगर पालिका कार्यालय का निर्माण कराया जाएगा. भवन में नगर पालिका के विभिन्न विभागों के कार्यालयों के साथ अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अलग-अलग कक्ष, जनता के बैठने की समुचित व्यवस्था, सभागार और लिफ्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी. प्रस्तावित भवन को हाईटेक सुविधाओं से लैस करने की योजना है. शुक्रवार को भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम के साथ निर्माण कार्य की शुरुआत की गई.

पुरानी इमारत की जगह बनेगा आधुनिक कार्यालय

दरअसल, मुगलसराय नगर पालिका का वर्तमान कार्यालय काफी पुराना हो चुका है. भवन की जर्जर स्थिति और जगह की कमी के कारण अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ ही नगर पालिका पहुंचने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है. इसी को देखते हुए लंबे समय से नए कार्यालय भवन की जरूरत महसूस की जा रही थी. नए भवन के निर्माण के लिए पुराने फायर ब्रिगेड परिसर की भूमि का चयन किया गया है. करीब 8.80 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस मल्टीस्टोरी भवन में नगर पालिका के सभी प्रमुख कार्यालयों को एक ही परिसर में व्यवस्थित करने की योजना है. भवन का निर्माण कार्य कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस द्वारा कराया जाएगा.

चेयरमैन से लेकर सभी विभागों के लिए होंगे अलग कक्ष

मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने लोकल 18 से बताया कि नए भवन में नगर पालिका के सभी विभागों के कार्यालयों की व्यवस्था की जाएगी. चेयरमैन कक्ष, अधिकारी का कार्यालय और अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए अलग-अलग कक्ष बनाए जाएंगे. उन्होंने कहा कि भवन की डिजाइन तैयार करते समय जनता की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है. नगर पालिका से जुड़े काम के लिए आने वाले लोगों को इधर-उधर भटकना न पड़े, इसके लिए सभी जरूरी विभागों को एक ही भवन में व्यवस्थित किया जाएगा. इसके अलावा लोगों के बैठने के लिए पर्याप्त स्थान भी उपलब्ध कराया जाएगा.

दूसरे तल पर जाने के लिए लिफ्ट

प्रस्तावित भवन में आधुनिक सुविधाओं को प्रमुखता दी गई है. मल्टीस्टोरी भवन होने के कारण लोगों की सुविधा के लिए लिफ्ट की व्यवस्था भी की जाएगी. इससे बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग लोगों को ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में सहूलियत होगी. भवन में बैठकों और अन्य जरूरी कार्यक्रमों के लिए सभागार की व्यवस्था भी प्रस्तावित है. अधिकारियों के अनुसार भवन को इस तरह तैयार किया जाएगा कि नगर पालिका के नियमित कामकाज के साथ बैठकों और जनसुनवाई जैसे कार्यक्रमों के लिए भी पर्याप्त स्थान उपलब्ध रहे.

बिजली और पानी की भी होगी बेहतर व्यवस्था

नगर पालिका के नए कार्यालय को सिर्फ बड़ा ही नहीं, बल्कि सुविधाजनक और तकनीकी रूप से आधुनिक बनाने की योजना है. भवन में बिजली की निर्बाध व्यवस्था के लिए जरूरी इंतजाम किए जाएंगे. ट्रांसफार्मर से जुड़ी व्यवस्था को भी परियोजना में शामिल किया गया है. इसके साथ ही भवन में पानी की समुचित व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है. कंप्यूटर रूम और कर्मचारियों के बैठने की जगह भी निर्धारित की गई है. अधिकारियों ने कहा कि भवन का निर्माण पूरा होने के बाद नगर पालिका के कामकाज को अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक तरीके से संचालित किया जा सकेगा.

पार्किंग का भी रखा गया है ध्यान

नए कार्यालय में आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों के वाहनों को खड़ा करने के लिए पार्किंग की व्यवस्था का भी ध्यान रखा गया है. विधायक रमेश जायसवाल ने बताया कि कार्यालय भवन की योजना तैयार करते समय यह बात भी शामिल की गई है कि लोगों को अपने वाहन खड़े करने में परेशानी न हो. उन्होंने कहा कि भवन का निर्माण पूरा होने के बाद नगर पालिका कार्यालय में आने वाले लोगों को एक बेहतर माहौल और व्यवस्थित सुविधाएं मिलेंगी

मिलेगी ये सुविधाएं

नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि शमशाद ने भी नए भवन को नगर पालिका के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि वर्षों पुराने भवन की जगह आधुनिक कार्यालय की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी. नए भवन के निर्माण से नगर पालिका के कामकाज में सुविधा होगी और आम जनता को भी बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी. नए कार्यालय भवन के तैयार होने के बाद नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों को जहां पर्याप्त और व्यवस्थित कार्यस्थल मिलेगा. वहीं, विभिन्न कार्यों के लिए आने वाले लोगों को भी एक ही परिसर में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी. स्थानीय स्तर पर इसे नगर पालिका के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||