Image Slider




संवाद न्यूज एजेंसी


पुन्हाना। बिछोर थाना क्षेत्र के गांव जखोकर में पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर नौ नामजद सहित 12 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव जखोकर निवासी आरिफ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 जुलाई को उनके घर में पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हुए थे। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने आपस में मिलकर उनकी छतों से ईंट-पत्थरों से पथराव किया। इसके बाद आरोपी लाठी-डंडे, लोहे की सरिया और फरसा लेकर घर में घुस आए तथा परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट कर जानलेवा हमला किया।

आरिफ के अनुसार हमले में परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए, जिनमें उनकी मां को गंभीर चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपियों से उन्हें बचाया। इसके बाद घायल मां को पुन्हाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में नल्हड़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बिछोर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी कृष्ण लाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर सलमू, साकिर,साबिर, इस्लाम, अजरू,नूर मोहम्मद, तस्लीम, मुकीम, आबिद सहित अन्य तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||