Last Updated:
Sansad Live News: लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान विपक्ष ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला. अखिलेश यादव ने पेपर लीक, प्राथमिक स्कूलों की स्थिति और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए. अभिषेक बनर्जी ने छात्रों पर कथित बल प्रयोग और पेपर लीक मामलों में कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा उठाया. डीएमके सांसद दयानिधि मारन ने ‘वन इंडिया, वन एग्जाम’ मॉडल का विरोध किया. वहीं प्रियंका गांधी ने छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और पेलेट गन के इस्तेमाल को लेकर सरकार से जवाब मांगा और युवाओं की आवाज दबाने का आरोप लगाया.
पेपर लीक पर संसद में गरजीं प्रियंका गांधी. (फोटो: संसद TV)
नई दिल्ली: मानसून सत्र के दौरान लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर जोरदार हंगामा हो रहा है. मंगलवार को दोपहर दो बजे के बाद कार्यवाही फिर से शुरू हुई. सदन में पब्लिक एग्जामिनेशन अमेंडमेंट बिल 2026 पर चर्चा चल रही है. विपक्ष ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ी है. इस बिल पर चर्चा के लिए पहले छह घंटे का टाइम तय था. लेकिन विपक्ष की डिमांड पर इसे बढ़ाकर 10 घंटे कर दिया गया है. स्पीकर ओम बिरला ने भी सभी सदस्यों को अपने विचार रखने की अनुमति दी है.
तेजस्वी सूर्या का विपक्ष पर पलटवार, बोले – आपने कानून नहीं बनाया, हम पेपर लीक रोकने का कानून ला रहे हैं
- लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या ने सरकार का बचाव करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री छात्रों के हितों को ध्यान में रखकर व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं. सूर्या ने कहा कि पेपर लीक छात्रों के साथ विश्वासघात है और इसका समाधान जरूरी है. उन्होंने प्रियंका गांधी के बयान का जवाब देते हुए कहा कि वर्ष 2010 में तत्कालीन यूपीए सरकार भी पेपर लीक से जुड़ा विधेयक लाई थी, लेकिन उसे कानून नहीं बना सकी. उन्होंने कहा कि देश में सैकड़ों बार पेपर लीक हो चुके हैं और छात्र अब समाधान चाहते हैं. बीजेपी सरकार वही समाधान देने के लिए यह कानून लेकर आई है.
संसद LIVE : लोकसभा में प्रियंका गांधी और प्रहलाद जोशी आमने-सामने
- लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान प्रियंका गांधी और केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली. प्रहलाद जोशी ने कहा कि प्रियंका गांधी बिना किसी प्रमाणित तथ्य के सदन में आरोप नहीं लगा सकतीं. उन्होंने मांग की कि प्रियंका गांधी माफी मांगें और उनके बयान को सदन की कार्यवाही से हटाया जाए. जवाब में प्रियंका गांधी ने एक समाचार पत्र का हवाला देते हुए कहा, “यह न्यूजपेपर है. इसमें पत्रकार ने लिखा है और मैं इसे प्रमाण के तौर पर पेश कर रही हूं.” उन्होंने पलटवार करते हुए पूछा कि क्या प्रहलाद जोशी अपने पुराने बयान से अब इनकार कर रहे हैं.
- प्रियंका ने कहा कि प्रदर्शन करने वाले छात्रों के नाम सार्वजनिक कर दिए गए, लेकिन पेपर लीक के आरोपियों के नाम सामने नहीं आए. उनका आरोप था कि इस विधेयक में पेपर लीक रोकने के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं है. प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री को अपने सलाहकार बदलने चाहिए, क्योंकि नई नई कमेटियां बनाने से समस्या का समाधान नहीं होगा. उन्होंने दावा किया कि राधाकृष्ण कमेटी की सिफारिशें आज तक लागू नहीं हुईं और नई कमेटी की संरचना पर भी सवाल उठाए. अपने भाषण के दौरान उन्होंने माहौल हल्का करते हुए स्पीकर से कहा, “स्पीकर जी, आप मुझसे नाराज हो रहे हैं, जरा मुस्करा लीजिए.”
- कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि अगर सरकार जेन जी का भरोसा जीतना चाहती है तो नए नए एंगल से वीडियो बनाने से काम नहीं चलेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने इस पीढ़ी के साथ घोर अन्याय किया है और प्रधानमंत्री को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए. प्रियंका गांधी ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में RSS से जुड़े लोगों की जगह योग्य लोगों की नियुक्ति होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि देश के नौजवान भीख नहीं, बल्कि न्याय मांग रहे हैं. अपने भाषण में उन्होंने आरोप लगाया कि सबसे बड़ी चोरी तब हुई, जब देश के युवाओं के सपने छीन लिए गए.
संसद की कार्यवाही LIVE: लोकसभा में प्रियंका गांधी के बयान पर बवाल
- कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि बजट में शिक्षा की हिस्सेदारी लगातार घट रही है, जिससे छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है. उन्होंने आरएमएल अस्पताल में घायल छात्रा की मां का जिक्र करते हुए कहा कि उस परिवार का सरकार पर से भरोसा पूरी तरह टूट चुका है. उनका कहना था कि भरोसा सिर्फ ठोस प्रयासों से लौटता है, लेकिन इतना सब होने के बाद भी प्रधानमंत्री इस सच्चाई को नहीं समझ रहे हैं.
- प्रियंका गांधी ने पूर्व शिक्षा मंत्री के इस्तीफे का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि शर्मनाक परिस्थितियों में इस्तीफा देने के बावजूद उनका स्वागत किसी सुपरस्टार की तरह किया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि जिस समय उनका सम्मान किया जा रहा था, उसी समय महाराष्ट्र में एक परिवार अपनी छात्रा बेटी के निधन का शोक मना रहा था.
- प्रियंका गांधी के इस बयान पर संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजीजू ने कड़ी आपत्ति जताई. उन्होंने आरोप लगाया कि यह चरित्र हनन है और ऐसे बयान को सदन की कार्यवाही से हटाया जाना चाहिए. उन्होंने प्रियंका गांधी से माफी मांगने की भी मांग की. इस पर स्पीकर ने प्रियंका गांधी को बिना तथ्यों के कोई भी टिप्पणी नहीं करने की नसीहत दी. जवाब में प्रियंका गांधी ने कहा कि वह प्रहलाद जोशी के बिल्किस बानो मामले से जुड़े बयान को रिकॉर्ड में लाएंगी.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


