Image Slider

संवाद न्यूज एजेंसी

पलवल।

ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने शहर के एक 68 वर्षीय बुजुर्ग से 16 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

न्यू कॉलोनी निवासी किशन सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें एक व्हाट्सएप बिजनेस ग्रुप में जोड़ा। ग्रुप में मौजूद लोगों ने खुद को सेबी से मान्यता प्राप्त कंपनी का ट्रेडिंग विशेषज्ञ बताया और शुरुआत में 10 से 20 प्रतिशत तथा बाद में 300 प्रतिशत तक रिटर्न का दावा कर उनका विश्वास जीत लिया। आरोपियों ने उनके मोबाइल फोन में एक फर्जी ट्रेडिंग एप डाउनलोड करवा दिया। इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में निवेश के नाम पर रकम जमा करवाई गई, जो एप के वॉलेट में दिखाई देती रही। कुछ समय बाद एप में उनके खाते में 59 लाख रुपये का बैलेंस दिखने लगा। पीड़ित ने जब 50 लाख रुपये निकालने का प्रयास किया तो ट्रांजेक्शन असफल हो गया। इसके बाद ठगों ने निकासी के लिए 20 प्रतिशत सर्विस शुल्क के रूप में आठ से दस लाख रुपये और जमा कराने की मांग की।

पीड़ित ने एप में दिख रही राशि में से ही शुल्क काटने की बात कही, लेकिन आरोपियों ने मना कर दिया और उनसे संपर्क बंद कर दिया। तब उन्हें अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ। शिकायत के अनुसार, आठ जुलाई से 17 जुलाई 2026 के बीच पीड़ित ने चार अलग-अलग किस्तों में कुल 16 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर किए थे। साइबर थाना प्रभारी संदीप ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। कॉल डिटेल और बैंक खातों की जानकारी के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||