Image Slider

CJP Jantar Mantar Protest LIVE: NEET पेपर लीक में एक्‍शन समेत अन्‍य मांगों को लेकर अनशन कर रहे सोनम वांगचुक ने भूख हड़ताल समाप्‍त करने का ऐलान किया है. सोनम वांगचुक ने केंद्र सरकार की ओर से मांगों पर सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद अपना 26 दिनों से जारी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल समाप्त कर दी है. गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने उनसे मुलाकात कर सरकार का पक्ष रखा, जिसके बाद वांगचुक ने अपना अनशन तोड़ने की घोषणा की. वांगचुक ने X पर पोस्‍ट शेयर कर बताया कि केंद्रीय मंत्रियों तथा लेह-लद्दाख एपेक्स बॉडी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उन्होंने 26 दिन बाद अपना अनशन समाप्त किया. उन्होंने कहा कि यह फैसला लंबी बातचीत और विभिन्न शर्तों पर सहमति बनने के बाद लिया गया है. साथ ही उन्होंने देशभर के लोगों से किसी भी प्रकार की हिंसा से दूर रहने और आंदोलन को पूरी तरह शांतिपूर्ण बनाए रखने की अपील की. दूसरी तरफ, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सोनम वांगचुक के इस कदम की सराहना करते हुए जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया. CJP शुक्रवार 24 जुलाई 2026 को देशव्‍यापी विरोध-प्रदर्शन का ऐलान किया है. वहीं, केंद्रीय मंत्रियों का दल CJP के प्रतिनिधिमंडल के साथ उच्‍चस्‍तारीय वार्ता करेगा.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि सरकार जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों और 20 जुलाई को संसद मार्च में शामिल प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों पर सकारात्मक रुख अपनाने को तैयार है. उन्होंने यह भी कहा कि संसद में पेपर लीक और परीक्षा सुधारों पर चर्चा का आश्वासन पहले ही दिया जा चुका है. इसके अलावा हालिया नीट पेपर लीक से जुड़े मौत के मामलों में पीड़ित परिवारों के लिए उचित मुआवजे पर भी सरकार सकारात्मक विचार कर रही है. वांगचुक ने बताया कि विभिन्न राजनीतिक दलों के 65 सांसदों ने उनसे मुलाकात की या पत्र लिखकर अनशन समाप्त करने का आग्रह किया था. उन्होंने कहा कि जल्द ही वह एक विस्तृत वीडियो जारी कर सरकार के साथ हुई बातचीत और सहमति की शर्तों की जानकारी देंगे.

इस बीच, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने वांगचुक के अनशन समाप्त करने का स्वागत किया, लेकिन स्पष्ट किया कि उसका जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण धरना जारी रहेगा. पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं होगा. संगठन ने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जवाबदेही तय करने, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, नीट पेपर लीक से जुड़े आत्महत्या पीड़ितों के परिवारों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा तथा शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमें वापस लेने की भी मांग दोहराई.

CJP Jantar Mantar Protest LIVE: दिल्‍ली पुलिस के जवानों की छुट्टियां रद्द

सीजेपी जंतर-मंतर प्रदर्शन लाइव: दिल्‍ली में कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की टीम पूरी तरह से मुस्‍तैद है. इस बीच दिल्‍ली पुलिस को लेकर बड़ा फैसला किया गया है. दिल्‍ली पुलिस के सभी जवानों की छुट्टियों को अगले आदेश तक के लिए रद्द कर दिय गया है.

CJP Jantar Mantar Protest LIVE: आज शाम को CJP टीम को किया जा सकता है अरेस्‍ट – अभिजीत दिपके

सीजेपी जंतर-मंतर प्रदर्शन लाइव: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्‍थापक अभिजीत दिपके जंतर-मंतर पहुंच चुके हैं. उन्‍होंने कहा कि सीजेपी से जुड़ी टीम को अरेस्‍ट किया जा सकता है. दिपके ने आगे कहा कि हमलोग महात्‍मा गांधी के रास्‍ते पर चलने वाले लोग हैं. हम संविधान के रास्‍ते पर चलने वाले लोग हैं.

CJP Jantar Mantar Protest LIVE: नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी, भ्रामक पोस्ट पर दो एफआईआर दर्ज

सीजेपी जंतर-मंतर प्रदर्शन लाइव: जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के मद्देनजर नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की जांच तेज कर दी है और आने-जाने वालों से पूछताछ की जा रही है. इस बीच, नोएडा साइबर क्राइम थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर चिल्ला और सेक्टर-63 बॉर्डर के जाम होने तथा फर्जी वीडियो वायरल कर भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में दो एफआईआर दर्ज की हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें. साथ ही नोएडा से दिल्ली जाने वाले सभी प्रमुख बॉर्डरों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.

CJP Jantar Mantar Protest LIVE: सीजेपी का 11 बजे प्रेस कॉन्‍फ्रेंस, 12:30 पर मीटिंग

सीजेपी जंतर-मंतर प्रदर्शन लाइव: संसद परिसर के बाहर प्रदर्शन के बाद अब सीजेपी (CJP) का धरना जंतर-मंतर पर जारी है. संगठन के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा. उन्होंने बताया कि सुबह 11 बजे संगठन की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी, जिसमें आगे की रणनीति की जानकारी दी जाएगी. रांका ने यह भी कहा कि दोपहर 12:30 बजे केंद्रीय मंत्री जेपी. नड्डा के साथ बैठक प्रस्तावित है, जिसमें केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के भी शामिल होने की संभावना है. बैठक के नतीजों के बाद आंदोलन की आगामी दिशा तय की जाएगी.

CJP Protest LIVE: हमारा प्रोटेस्‍ट तब तक चलता रहेगा जब तक…अभिजीत दिपके अपना एजेंडा कर दिया साफ

सीजेपी प्रदर्शन लाइव: सीजेपी ने आज देशव्‍यापी विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है. सीजेपी के चीफ अभिजीत दिपके ने कहा, ‘हमारा प्रोटेस्ट तब तक चलता रहेगा, जब तक धर्मेंद्र प्रधान रिजाइन नहीं करते हैं. सोनम सर ने अपना हंगर स्ट्राइक तोड़ दिया है, इससे हमें बहुत ही खुशी और राहत मिली है, क्योंकि सोनम सर की लाइफ इस देश के लिए बहुत ज्यादा कीमती है. हमारा प्रोटेस्ट जंतर-मंतर पर वैसे ही चलता रहेगा, जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते. सोनम सर का जो सैक्रिफाइस रहा है इन 26 दिनों का उसे हम वेस्ट नहीं जाने देंगे. दिल्ली पुलिस ने ब्रूटेलिटी करी है स्टूडेंट्स के अगेंस्ट, उन स्टूडेंट्स की जो सैक्रिफाइस थी, उन्हें हम वेस्ट नहीं जाने देंगे.’

CJP Protest LIVE: अगले आदेश तक 17 मेट्रो स्टेशन बंद, डीएमआरसी ने जारी की एडवाइजरी

सीजेपी प्रदर्शन लाइव: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आंदोलन को देखते हुए पुलिस अलर्ट मोड पर है. सीजेपी के प्रदर्शन का असर दिल्ली-एनसीआर की लाइफलाइन कही जाने वाली दिल्ली मेट्रो पर दिखाई दे रहा है. इसी बीच, मेट्रो के कई स्टेशन को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने गुरुवार को यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण ट्रेवल एडवाइजरी जारी करते हुए बताया, ’24 जुलाई (शुक्रवार) सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक राजधानी के कई प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास सेवाएं बंद रहेंगी. हालांकि, कुछ प्रमुख इंटरचेंज स्टेशनों पर यात्रियों को लाइन बदलने की सुविधा उपलब्ध रहेगी.’ डीएमआरसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक आधिकारिक पोस्ट में कहा, ‘सुरक्षा और परिचालन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है. यात्रियों से यात्रा की योजना पहले से बनाने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है. डीएमआरसी के अनुसार, जिन मेट्रो स्टेशनों को सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक बंद रखा जाएगा, उनमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान शामिल हैं.

CJP Protest LIVE: छात्रों पर कार्रवाई की अफवाह फैलाने पर दिल्ली पुलिस ने अरविंद केजरीवाल को दी नसीहत

सीजेपी प्रदर्शन लाइव: दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से कहा कि वे जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शनकारियों के खिलाफ आधी रात के बाद संभावित कार्रवाई को लेकर अपुष्ट जानकारी और अफवाहें फैलाने से बचें. दिल्ली पुलिस ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘दिल्ली पुलिस की आज रात चल रहे प्रदर्शन पर कोई कार्रवाई करने की योजना नहीं है, जैसा कि बताया जा रहा है. आपसे अनुरोध है कि किसी भी भ्रामक या अपुष्ट जानकारी को फैलाने या साझा करने से बचें.’ केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर न्यू दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन का एक पत्र साझा किया था, जिसमें कनॉट प्लेस के सभी दुकानदारों से गुरुवार शाम 6:30 बजे तक अपनी दुकानें बंद करने को कहा गया था. इस पत्र को साझा करते हुए अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा, ‘कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है। बड़ी संख्या में एम्बुलेंस तैनात हैं. क्या सरकार आज फिर जंतर-मंतर पर अपने ही बच्चों पर बेरहमी से हमला करने जा रही है?’

CJP Protest LIVE: प्रदर्शनकारियों के लिए खाना ले जाने पर युवकों को हिरासत में लेने का दावा झूठा और भ्रामक: दिल्ली पुलिस

सीजेपी प्रदर्शन लाइव: दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल उस दावे को झूठा और भ्रामक बताया है, जिसमें कहा गया था कि जंतर-मंतर पर खाना ले जा रहे तीन युवकों को निजामुद्दीन पुलिस स्टेशन में हिरासत में लिया गया. यह स्पष्टीकरण दक्षिण-पूर्व जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कार्यालय की ओर से जारी किया गया. यह बयान उस समय सामने आया, जब एक्स पर एक यूजर ने दावा किया कि तीन युवा लड़कों को जंतर मंतर के लिए खाना ले जाने पर दिल्ली पुलिस ने निजामुद्दीन पुलिस स्टेशन में हिरासत में ले लिया है. वायरल सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा गया था, ‘तीन युवा लड़कों को दिल्ली पुलिस ने जंतर मंतर के लिए खाना ले जाने पर निजामुद्दीन पुलिस स्टेशन में हिरासत में लिया है. जी हां, आपने सही पढ़ा! कई ऐसी रिपोर्टें सामने आ रही हैं कि छोटे-छोटे बच्चों को बिना किसी वजह के हिरासत में लिया जा रहा है.’ इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए दक्षिण-पूर्व दिल्ली के डीसीपी ने एक्स पर स्पष्ट रूप से लिखा, ‘जंतर मंतर के लिए खाना ले जा रहे लड़कों को निजामुद्दीन पुलिस स्टेशन में हिरासत में लिए जाने का दावा झूठा और भ्रामक है.’

CJP Protest LIVE: NEET पेपर लीक पर सरकार का बड़ा एक्शन, आज कैबिनेट में कड़े कानून पर लगेगी मुहर

सीजेपी प्रदर्शन लाइव: NEET पेपर लीक के खिलाफ केंद्र सरकार आज बड़ा फैसला लेने जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार दोपहर 1 बजे होने वाली केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में पेपर लीक पर सख्त कानून के मसौदे पर चर्चा होगी. माना जा रहा है कि बैठक में कड़े प्रावधानों को मंजूरी दी जाएगी. कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद सरकार इस कानून को अगले हफ्ते संसद में पेश करेगी और जल्द से जल्द पास कराने की कोशिश करेगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार देर रात करीब ढाई मिनट का वीडियो संदेश जारी कर इसकी जानकारी दी. पीएम ने कहा कि पेपर लीक कोई मामूली मामला नहीं है. यह लाखों छात्रों और उनके परिवारों के लिए बेहद पीड़ादायक है. पीएम मोदी ने कहा कि पिछले ढाई महीनों में सरकार ने पेपर लीक के मामलों में कई बड़े कदम उठाए हैं. दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है. साथ ही सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया कि छात्रों का साल खराब न हो. इसी वजह से कम समय में 22 लाख छात्रों की परीक्षा कराई गई और 19 जुलाई को उसका रिजल्ट भी घोषित कर दिया गया. पीएम मोदी ने कहा कि सरकार सिर्फ इतने पर रुकने वाली नहीं है. उन्होंने बताया कि पेपर लीक के मामलों की तेजी से सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का निर्देश दिया गया है. देर रात संबंधित विभागों ने उन्हें कानून का मसौदा भेजा है, जिसमें फास्ट ट्रैक कोर्ट और दोषियों के लिए कड़ी सजा का प्रावधान किया गया है. प्रधानमंत्री ने कहा कि शुक्रवार को होने वाली केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में इस मसौदे पर विस्तार से चर्चा होगी और इसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

CJP Protest LIVE: छात्र आंदोलन में जाने से पहले समाजवादी युवजन सभा के नेता घर भेजे गए

सीजेपी प्रदर्शन लाइव: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन में जाने से पहले ही समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश महासचिव और मेरठ के जिला पंचायत सदस्य सम्राट मलिक को पुलिस ने उनके आवास पर ही रोक दिया. पुलिस ने उन्हें घर से बाहर नहीं निकलने दिया जबरन घर में खींचकर ले गई. इस दौरान पुलिस और नेता के बीच जमकर नोकझोंक हुई. पुलिस ने सम्राट मलिक को उनकी सिवालखास विधानसभा क्षेत्र में जाने की भी अनुमति नहीं दी.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||