-क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप स्वयं सुनेंगे आवेदकों की समस्याएं, लंबित प्रकरणों का होगा त्वरित निस्तारण
-सरल, पारदर्शी और समयबद्ध पासपोर्ट सेवा की दिशा में अहम पहल, सीमित समय में 50 आवेदनों पर होगी सुनवाई
-मूल दस्तावेज और छायाप्रति साथ लाने की अपील, नागरिक-केंद्रित सेवाओं को और प्रभावी बनाने पर जोर
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पासपोर्ट आवेदकों की लंबित फाइलों और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय द्वारा 23 जुलाई (गुरुवार) को ‘पासपोर्ट लोक अदालत’ का आयोजन किया जाएगा। हापुड़ चुंगी स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के कक्ष संख्या-320 में आयोजित होने वाली इस विशेष लोक अदालत में शाम 3 बजे से 5 बजे तक पासपोर्ट आवेदकों की समस्याओं की सुनवाई की जाएगी। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप (भारतीय विदेश सेवा) स्वयं आवेदकों से मिलकर उनकी लंबित फाइलों और शिकायतों का निस्तारण करेंगे। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध कराना तथा लंबित मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप ने बताया कि विदेश मंत्रालय की मंशा के अनुरूप क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद लगातार ऐसी व्यवस्था विकसित कर रहा है, जिससे प्रत्येक नागरिक को बिना अनावश्यक विलंब के सरल और पारदर्शी पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट लोक अदालत इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जहां लंबित फाइलों की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा कर उनका त्वरित निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कार्यालय की प्राथमिकता केवल पासपोर्ट जारी करना नहीं, बल्कि प्रत्येक आवेदक की समस्या का संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ समाधान करना भी है। अनुज स्वरूप ने कहा कि विदेश मंत्रालय द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सेवा वितरण प्रणाली को अधिक प्रभावी और नागरिक-केंद्रित बनाया जा रहा है। इसके लिए कार्यालय में नियमित समीक्षा, तकनीकी सुधार और शिकायत निवारण तंत्र को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पासपोर्ट लोक अदालतें इसी सोच का परिणाम हैं, जिनका उद्देश्य उन आवेदकों को राहत देना है, जिनकी फाइलें किसी कारणवश लंबित हैं या जिन्हें दस्तावेजों अथवा अन्य प्रक्रियाओं से संबंधित समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय यह सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को समय पर पासपोर्ट उपलब्ध हो।
यदि किसी आवेदन में तकनीकी अथवा दस्तावेज संबंधी कोई कमी है, तो उसका समाधान भी मौके पर ही बताया जाएगा, ताकि आवेदक अनावश्यक रूप से कार्यालय के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर अपनी समस्या का समाधान प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि यह पहल नागरिकों और प्रशासन के बीच विश्वास को और मजबूत करेगी। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ने बताया कि समय की सीमित उपलब्धता को देखते हुए इस लोक अदालत में केवल 50 आवेदनों की ही सुनवाई और निस्तारण किया जाएगा। इसलिए जिन आवेदकों की फाइलें लंबित हैं, वे समय से पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं। उन्होंने सभी आवेदकों से अपील की कि वे अपने आवेदन से संबंधित सभी मूल दस्तावेजों के साथ उनकी छायाप्रतियां भी अवश्य लेकर आएं, ताकि सुनवाई के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और प्रकरण का तत्काल निस्तारण किया जा सके। अनुज स्वरूप ने कहा कि क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय का उद्देश्य नागरिकों को केवल सेवा उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता हो।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए भविष्य में भी इस प्रकार की लोक अदालतों और विशेष शिविरों का आयोजन नियमित रूप से किया जाता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को राहत मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि विदेश मंत्रालय के मार्गदर्शन में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद लगातार नागरिक-केंद्रित कार्यप्रणाली को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रहा है। सेवा वितरण की गुणवत्ता बढ़ाने, शिकायतों के प्रभावी समाधान और डिजिटल प्रक्रियाओं को सरल बनाने के लिए लगातार सुधार किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पासपोर्ट लोक अदालत जैसी पहल से न केवल लंबित मामलों का तेजी से निस्तारण होगा, बल्कि नागरिकों का पासपोर्ट सेवाओं पर विश्वास भी और अधिक मजबूत होगा।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ने अंत में नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जिन आवेदकों की फाइलें किसी कारणवश लंबित हैं, वे 23 जुलाई को निर्धारित समय पर क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि कार्यालय की पूरी टीम प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुनने और उसका यथासंभव उसी दिन समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस प्रकार की पहल नागरिकों को पारदर्शी, सहज और भरोसेमंद पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



