-मिशन शक्ति केंद्रों की समीक्षा में पुलिस आयुक्त सख्त, मानक संचालन प्रक्रिया के शत-प्रतिशत पालन के दिए निर्देश
-हर शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें, पीडि़त महिलाओं को मिले त्वरित सहायता और सुरक्षा
-जनजागरूकता अभियान होंगे और प्रभावी, महिला सुरक्षा को जनभागीदारी से मिलेगा नया आयाम; संवेदनशील और नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग पर जोर
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़ ने कहा कि पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद में प्रत्येक महिला और बालिका को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए मंगलवार को पुलिस कार्यालय में मिशन शक्ति केंद्रों के प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मिशन शक्ति केंद्र केवल शिकायत दर्ज करने का माध्यम नहीं, बल्कि महिलाओं को त्वरित सहायता, परामर्श, सुरक्षा और न्याय दिलाने का सशक्त मंच हैं। इसलिए प्रत्येक अधिकारी पूरी संवेदनशीलता, जवाबदेही और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़ ने कहा कि महिलाओं से जुड़े प्रत्येक मामले में त्वरित कार्रवाई और समयबद्ध न्याय सुनिश्चित करना कमिश्नरेट की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी मिशन शक्ति केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक केंद्र पर निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि महिलाओं और बालिकाओं को एक ही स्थान पर सुरक्षा, पुलिस सहायता, परामर्श और आवश्यक सेवाएं सरल, प्रभावी तथा समय पर उपलब्ध कराई जा सकें।
उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति केंद्रों पर प्राप्त होने वाले प्रत्येक शिकायत प्रार्थना पत्र को अत्यंत गंभीरता से लिया जाए। प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए तथा किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों की नियमित समीक्षा करें और पीडि़त महिलाओं को हर स्तर पर आवश्यक सहयोग, मार्गदर्शन और सुरक्षा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि महिला सुरक्षा केवल कानून लागू करने का विषय नहीं, बल्कि समाज में विश्वास और सुरक्षा की भावना स्थापित करने का दायित्व भी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं और बालिकाओं के लिए संचालित जनजागरूकता अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक मिशन शक्ति केंद्रों की सेवाओं, कानूनी अधिकारों और उपलब्ध सहायता की जानकारी पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि जागरूक समाज ही महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को रोकने में सबसे बड़ी भूमिका निभा सकता है। जे. रविंद्र गौड़ ने अधिकारियों से कहा कि महिला सुरक्षा से जुड़े प्रत्येक मामले में संवेदनशीलता, गोपनीयता और मानवीय दृष्टिकोण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। पीडि़त महिलाओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार करते हुए उन्हें ऐसा वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जहां वे बिना किसी भय या संकोच के अपनी बात रख सकें। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार ही जनता का विश्वास मजबूत करता है और यही विश्वास मिशन शक्ति अभियान की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने यह भी कहा कि मिशन शक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा नागरिक-केंद्रित बनाया जाएगा। इसके लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और प्रत्येक शिकायत की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।
यदि किसी मामले में किसी प्रकार की समस्या आती है तो उसका तत्काल समाधान करते हुए पीडि़त पक्ष को शीघ्र राहत प्रदान की जाए। गोष्ठी में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं अपराध) केशव चौधरी, सहायक पुलिस आयुक्त (महिला अपराध), समस्त मिशन शक्ति केंद्रों के प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़ ने कहा कि कमिश्नरेट गाजियाबाद का लक्ष्य केवल शिकायतों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि प्रत्येक महिला और बालिका को सुरक्षित, सम्मानजनक और भरोसेमंद वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि मिशन शक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाते हुए महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य को पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ साकार किया जाए।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



