-लुक्सर जेल में महिला बंदियों के पोषण के लिए दुग्ध देने वाली गाय भेंट, समाज सेवा का दिया मानवीय संदेश
-सिलाई प्रशिक्षण केंद्र को मिले चार पंखे, सेवा, करुणा और पुनर्वास की दिशा में बढ़ा प्रेरणादायी कदम
-जरूरतमंद तक सम्मान और सहयोग पहुंचाना ही सबसे बड़ा धर्म : अंकिता सिंह
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। समाज सेवा केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं होती, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में सम्मान, आत्मविश्वास और नई उम्मीद का संचार करना ही उसका वास्तविक उद्देश्य है। इसी सोच को साकार करते हुए इनर व्हील क्लब ऑफ नवीन ग्रेटर नोएडा, डिस्ट्रिक्ट 301 द्वारा लुक्सर जिला कारागार में महिला बंदियों के कल्याण एवं पोषण को समर्पित एक प्रेरणादायी सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला बंदियों के लिए एक दुग्ध देने वाली गाय का दान किया गया, जिससे उन्हें पौष्टिक आहार उपलब्ध हो सके और उनके स्वास्थ्य में सुधार लाने की दिशा में सकारात्मक पहल हो सके। कार्यक्रम में क्लब की अध्यक्ष अंकिता सिंह ने अपने करकमलों से गौदान करते हुए कहा कि जेल में रह रही महिलाएं भी समाज का अभिन्न हिस्सा हैं। परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, हर व्यक्ति सम्मान, सहयोग और संवेदनशील व्यवहार का अधिकारी है। उन्होंने कहा कि यदि समाज मिलकर ऐसे लोगों के जीवन में आशा और आत्मविश्वास का संचार कर सके तो इससे बड़ा कोई मानव धर्म नहीं हो सकता। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों से भी आगे आकर जरूरतमंदों की सहायता करने का आह्वान किया।
क्लब की पशु कल्याण प्रकोष्ठ की अध्यक्ष माला ऋषि ने कहा कि गौदान केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि सेवा और करुणा का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करते हैं और लोगों को जरूरतमंदों के प्रति अपने दायित्व का एहसास कराते हैं। उन्होंने कहा कि इनर व्हील क्लब हमेशा ऐसे कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। कार्यक्रम में जेल अधीक्षक बृजेश सिंह, एमआईटी, मुरादाबाद के निदेशक डॉ. रोहित तथा रोहित निगम विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महिला बंदियों के पुनर्वास और उनके बेहतर जीवन के लिए समाज की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास बंदियों में सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ-साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोडऩे में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर परियोजना अध्यक्ष उमा गोयल एवं संतोष गुप्ता ने भी गौदान में सहभागिता निभाते हुए गाय के लिए चारे की व्यवस्था कर सेवा कार्य को और अधिक सार्थक बनाया। वहीं समाजसेवी अंजू गर्ग ने महिला बंदियों के सिलाई प्रशिक्षण केंद्र के लिए चार पंखे भेंट किए, जिससे प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं को बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके। इस पहल को उपस्थित सभी लोगों ने महिला सशक्तिकरण और पुनर्वास की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया। कार्यक्रम में क्लब की आईएसओ प्रतिभा सिसोदिया, पूर्व अध्यक्ष अनीता सिंघला, सलाहकार करुणा भल्ला, सोनिका, दीपा, डॉ. ईहा, सचिव शैली गर्ग सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
सभी ने सेवा कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अतिथियों ने क्लब अध्यक्ष अंकिता सिंह और सचिव शैली गर्ग को इस संवेदनशील एवं प्रेरणादायी आयोजन के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इनर व्हील क्लब भविष्य में भी समाज के वंचित, जरूरतमंद और उपेक्षित वर्गों के उत्थान के लिए इसी प्रकार सेवा और मानवता के कार्य करता रहेगा तथा समाज में करुणा, सहयोग और सकारात्मक बदलाव की भावना को निरंतर मजबूत करता रहेगा।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



