Image Slider

-मॉडर्न कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज और अमृत मंथन वेलफेयर सोसाइटी की संयुक्त पहल, करहैड़ा में चला वृक्षारोपण अभियान
-नीम, पीपल, जामुन, अशोक सहित अनेक पौधों का रोपण, विद्यार्थियों ने लिया पौधों की देखभाल का संकल्प
-ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरणीय चुनौतियों पर किया जागरूक, युवाओं को प्रकृति संरक्षण का दिया संदेश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से मंगलवार को मॉडर्न कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज, मोहन नगर एवं अमृत मंथन वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में सामुदायिक एवं पर्यावरण क्लब द्वारा सोमवार को ग्राम करहैड़ा स्थित मिल्टन एकेडमी परिसर में भव्य वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर डॉ. निशा सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम की मुख्य थीम ‘एक पेड़ मां के नाम’ रही। अभियान के दौरान शिक्षकों, विद्यार्थियों और अतिथियों ने मिलकर 50 से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि नई पीढ़ी में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करना भी था। अभियान के दौरान परिसर में नीम, पीपल, जामुन, अशोक, अमरूद, अनार, कनेर सहित अनेक छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल और उन्हें सुरक्षित रखने का सामूहिक संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर मिल्टन एकेडमी के प्रबंधन से श्री रामेश्वर, श्रीमती नमिता निर्वाण तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती शालिनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज ग्लोबल वार्मिंग, मृदा अपरदन और तेजी से हो रही वनों की कटाई जैसी चुनौतियां पूरी दुनिया के सामने गंभीर संकट बनकर खड़ी हैं। ऐसे समय में वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के सुरक्षित भविष्य का आधार है। वक्ताओं ने विद्यार्थियों के उत्साह और सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं में पर्यावरण के प्रति बढ़ती जागरूकता एक सकारात्मक संकेत है। जिस समर्पण के साथ छात्रों ने पौधारोपण किया, वह यह दर्शाता है कि वे प्रकृति संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से समझते हैं।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे अभियान समाज में हरित चेतना को और अधिक मजबूत करेंगे। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर डॉ. निशा सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाले वर्षों में पर्यावरण संतुलन को मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय भविष्य में भी ऐसे सामाजिक और पर्यावरणीय कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करता रहेगा।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वृक्षारोपण के साथ-साथ सभी को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई, संरक्षण और देखभाल करने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर महाविद्यालय एवं विद्यालय के शिक्षकगण, प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं तथा अन्य गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||