Image Slider

-3,181 करोड़ रुपये के निवेश से 18 हजार से अधिक रोजगार सृजन की उम्मीद

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मंगलवार को आठ निवेशकों को औद्योगिक भूमि आवंटन के लिए आशय पत्र (लेटर ऑफ इंटेंट) सौंपे। इन परियोजनाओं के माध्यम से लगभग 3,181.20 करोड़ रुपये का निवेश होगा तथा करीब 18,126 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने का अनुमान है।
यीडा के सभा कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश करने वाले आठ निवेशकों को आशय पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं निवेश प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया सहित प्राधिकरण के अन्य अधिकारी और निवेशक उपस्थित रहे।

प्राधिकरण के अनुसार, स्वीकृत परियोजनाएं ऑटोमोबाइल कलपुर्जों, स्मार्ट विद्युत उपकरण निर्माण, स्टील फर्नीचर, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य उपकरण, खाद्य प्रसंस्करण, सौंदर्य प्रसाधन, मुद्रित परिपथ पट्टिका (पीसीबी) तथा इलेक्ट्रॉनिक कलपुर्जों जैसे विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित की जाएंगी। इससे यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि यमुना प्राधिकरण निवेशकों को पारदर्शी, त्वरित और उद्योग-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी, बड़े पैमाने पर रोजगार का सृजन होगा और उत्तर प्रदेश को विनिर्माण एवं निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।

स्वीकृत निवेश प्रस्ताव

• समवर्धना मदरसन इंटरनेशनल लिमिटेड को सेक्टर-8डी में 50 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी 1,156 करोड़ रुपये का निवेश कर ऑटोमोबाइल कलपुर्जों का निर्माण संयंत्र स्थापित करेगी, जिससे लगभग 8,000 लोगों को रोजगार मिलेगा।

• बालार मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड को 8 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी 300 करोड़ रुपये का निवेश कर स्मार्ट विद्युत उपकरणों के एकीकृत निर्माण, अनुसंधान एवं निर्यातोन्मुख इकाई स्थापित करेगी। इससे लगभग 1,500 लोगों को रोजगार मिलेगा।

• त्रिवेणी अलमीराह प्राइवेट लिमिटेड 10 एकड़ भूमि पर 375 करोड़ रुपये के निवेश से स्टील अलमारी एवं स्टील फर्नीचर निर्माण इकाई स्थापित करेगी, जिससे लगभग 458 लोगों को रोजगार मिलेगा।

• आनोंदिता हेल्थकेयर 8 एकड़ भूमि पर 500 करोड़ रुपये का निवेश कर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में उपयोग होने वाले दस्तानों का निर्माण करेगी। इस परियोजना से लगभग 750 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

• क्रिस्पी सिटी फूड्स प्राइवेट लिमिटेड 4 एकड़ भूमि पर 122 करोड़ रुपये के निवेश से खाद्य प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग इकाई स्थापित करेगी। इससे लगभग 4,000 लोगों को रोजगार मिलेगा।

• ए. जी. ऑर्गेनिका प्राइवेट लिमिटेड को 3 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी 259.90 करोड़ रुपये का निवेश कर इत्र, सौंदर्य प्रसाधन एवं व्यक्तिगत देखभाल उत्पादों का निर्माण करेगी। इससे लगभग 1,118 लोगों को रोजगार मिलेगा।

• इनोवेक्स प्रोडक्ट्स एलएलपी 3 एकड़ भूमि पर 140 करोड़ रुपये का निवेश कर खाद्य प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग इकाई स्थापित करेगी, जिससे लगभग 2,000 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

• अपार इन्फ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड को 2.5 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी 29.30 करोड़ रुपये का निवेश कर मुद्रित परिपथ पट्टिका (पीसीबी) एवं इलेक्ट्रॉनिक कलपुर्जों का निर्माण करेगी। इससे लगभग 300 लोगों को रोजगार मिलेगा।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||