-राजनगर में समारोह के बाद सड़क पर फैली गंदगी पर नगर निगम का एक्शन, आयोजक पर 10 हजार रुपये का जुर्माना
-नगर निगम की टीम ने आयोजक से कराई सफाई, सफाई मित्रों के साथ मिलकर हटाया कूड़ा, लोगों को किया जागरूक
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नगर निगम ने अब सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को राजनगर क्षेत्र में एक समारोह के बाद सड़क पर फैली गंदगी मिलने पर नगर निगम की स्वास्थ्य विभाग टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आयोजक पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इतना ही नहीं, आयोजक से नगर निगम के सफाई मित्रों के साथ मिलकर सड़क की सफाई भी कराई गई। इस कार्रवाई के माध्यम से नगर निगम ने स्पष्ट संदेश दिया कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों को अब उसकी जिम्मेदारी भी स्वयं उठानी होगी। नगर निगम के नियमित स्वच्छता अभियान के तहत मंगलवार सुबह स्वास्थ्य विभाग की टीम शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर रही थी। इसी दौरान राजनगर के आरडीसी क्षेत्र में निरीक्षण के समय अधिकारियों ने देखा कि एक निजी समारोह के बाद सड़क पर बड़ी मात्रा में कूड़ा-कचरा और अन्य अपशिष्ट फैला हुआ है। रात में आयोजित कार्यक्रम के बाद आयोजकों द्वारा सफाई की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी, जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी और क्षेत्र की स्वच्छता भी प्रभावित हो रही थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई की।
कविनगर जोन के सफाई एवं खाद्य निरीक्षक हिमांशु ने संबंधित आयोजक पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इसके साथ ही आयोजक को मौके पर ही नगर निगम के सफाई मित्रों के साथ मिलकर पूरी सड़क की सफाई कराने के निर्देश दिए गए। आयोजक ने नगर निगम की टीम के सहयोग से स्वयं भी सफाई अभियान में भाग लिया और सड़क को पूरी तरह साफ कराया। इस दौरान आसपास के लोगों ने भी नगर निगम की इस पहल की सराहना की। स्थानीय निवासियों ने कहा कि यदि प्रत्येक आयोजन के बाद इसी प्रकार आयोजकों से सफाई कराई जाए तो शहर की स्वच्छता व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने नगर निगम के सफाई मित्रों के कार्य की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि स्वच्छ शहर बनाने में उनका योगदान सराहनीय है।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि नगर निगम प्रतिदिन सुबह शहर के मुख्य मार्गों और आंतरिक क्षेत्रों में विशेष सफाई एवं निरीक्षण अभियान चलाता है। इसी अभियान के दौरान राजनगर के आरडीसी क्षेत्र में यह मामला सामने आया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाना नगर निगम के स्वच्छता नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में जुर्माना लगाने के साथ-साथ संबंधित लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही दोबारा न हो। उन्होंने कहा कि किसी भी निजी या सार्वजनिक समारोह के बाद आयोजन स्थल और उसके आसपास की सफाई सुनिश्चित करना आयोजकों की जिम्मेदारी है। यदि कोई व्यक्ति या संस्था सड़क अथवा सार्वजनिक स्थल को गंदा छोड़ती है तो उसके विरुद्ध नगर निगम की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना है।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि शहर की स्वच्छता और सुंदरता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। नगर निगम अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन कर रहा है, लेकिन शहरवासियों का सहयोग भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर आयोजित होने वाले समारोहों के बाद यदि गंदगी छोड़ी जाती है तो आयोजकों को उसकी सफाई भी स्वयं करनी होगी। स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नगर आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की कि किसी भी आयोजन के बाद सफाई व्यवस्था अवश्य सुनिश्चित करें और नगर निगम के स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि एक स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ गाजियाबाद का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक इसे अपना दायित्व समझकर सहयोग करे। नगर निगम आगे भी जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करता रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई भी जारी रखेगा।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



