Image Slider

-नोएडा को मिलेगी पहली बड़ी लेक पार्क परियोजना, सेक्टर-167 में 29 एकड़ में विकसित होगा हरित पर्यटन केंद्र

उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। सीईओ कृष्णा करुणेश शहर को एक बड़ी सौगात दी है। ऊंची इमारतों और आधुनिक बुनियादी ढांचे के लिए पहचान बन चुके नोएडा ने अब एक बड़े प्राकृतिक आकर्षण की ओर कदम बढ़ा दिया है। शहर के सेक्टर-167 में करीब 29 एकड़ क्षेत्रफल में अत्याधुनिक लेक पार्क विकसित किया जाएगा। इस परियोजना का शिलान्यास शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। पार्क का डिजाइन तैयार हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

प्राधिकरण के अनुसार, इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता करीब 10 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जाने वाली कृत्रिम झील होगी। झील के चारों ओर हरियाली, पैदल पथ और मनोरंजन की आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि यह स्थान शहरवासियों के लिए प्राकृतिक वातावरण में समय बिताने का प्रमुख केंद्र बन सके। पार्क में आगंतुकों के लिए ऑक्सीजन वैली, कच्चा वॉकिंग ट्रैक, साइकिल ट्रैक, ओपन जिम, बच्चों के लिए प्ले एरिया, सिटिंग जोन, फूड स्ट्रीट, सेंट्रल प्लाजा, फाउंटेन, लाइफ ब्रीथ जंगल और तालाब जैसी अनेक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा झील के बीच तक पहुंचने के लिए दो एलिवेटेड वॉक-वे भी बनाए जाएंगे, जहां से लोग पानी के बीच प्राकृतिक वातावरण का आनंद ले सकेंगे।

पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पार्क में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण भी किया जाएगा। योजना के तहत 2,294 बरगद, 2,900 पीपल, 3,800 नीम, 3,240 पिलखन तथा 1,590 इमली के पेड़ लगाए जाएंगे। इन वृक्षों के विकसित होने के बाद यह पार्क शहर के सबसे बड़े हरित क्षेत्रों में शामिल होगा और स्थानीय जैव विविधता को भी बढ़ावा मिलेगा।करीब 21 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली इस परियोजना का प्रारूप विशेषज्ञ सलाहकार की मदद से तैयार किया गया है, जिसे प्राधिकरण की ओर से मंजूरी मिल चुकी है। अब टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी ने बताया कि पार्क में आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए मुख्य प्रवेश द्वार के निकट लगभग एक हजार वाहनों की क्षमता वाली खुली पार्किंग भी विकसित की जाएगी। चूंकि यह क्षेत्र ग्रीन बेल्ट के रूप में चिन्हित है, इसलिए पार्किंग के लिए किसी प्रकार का स्थायी भवन निर्माण नहीं किया जाएगा। प्राधिकरण का मानना है कि यह लेक पार्क तैयार होने के बाद नोएडा का पहला ऐसा सार्वजनिक पार्क होगा, जहां बड़े जलाशय, व्यापक हरित क्षेत्र और आधुनिक मनोरंजन सुविधाएं एक साथ उपलब्ध होंगी। इससे न केवल शहरवासियों को बेहतर सार्वजनिक स्थल मिलेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और शहरी पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||