Image Slider

Last Updated:

अगर आप नैनीताल घूमने जा रहे हैं, और लेना चाहते हैं पहाड़ी खाने का स्वाद तो ये खबर आपके लिए है, सरोवर नगरी अपने लाजवाब स्ट्रीट फूड और पारंपरिक कुमाऊंनी व्यंजनों के लिए भी पूरे देश में मशहूर है. यहां 40 साल पुराने मोमो से लेकर 175 साल पुरानी जलेबी, स्पेशल बन टिक्की, बाल मिठाई और पारंपरिक कुमाऊंनी थाली तक हर स्वाद आपकी ट्रिप को यादगार बना देगा. 

नैनीताल के मल्लीताल स्थित तिब्बती मार्केट स्थित सोनम मोमो नैनीताल के सबसे पुराने और मशहूर फूड पॉइंट्स में शामिल है. 1983 से यहां बनने वाले मटन मोमो देशभर में पसंद किए जाते हैं. मात्र 100 रुपये में 10 मटन मोमो और 80 रुपये में वेज मोमो मिलते हैं. यहां का थुक्पा भी काफी लोकप्रिय है. दुकान के संचालक बताते हैं कि उनके पिता ने चाय की दुकान से शुरुआत की थी, जो आज शहर की पहचान बन चुकी है.

नैनीताल के मल्लीताल चाट पार्क में स्थित न्यू पालिका बाजार में तमांग मोमो अपने सॉफ्ट मोमो और तीखी चटनी के लिए प्रसिद्ध है. यहां वेज मोमो 100 और नॉन-वेज 120 रुपये में मिलते हैं. स्वाद ऐसा कि कई बार ग्राहकों को लाइन में इंतजार करना पड़ता है. बॉलीवुड सिंगर पैपॉन, कृति सेनन और उर्वशी रौतेला जैसे सितारे भी यहां के मोमो का स्वाद ले चुके हैं.

नैनीताल के तल्लीताल स्थित नीरूज रेस्टोरेंट की बन टिक्की दशकों से लोगों की पसंद बनी हुई है. इसकी सबसे बड़ी खासियत है ड्राई फ्रूट्स से बनी स्पेशल चटनी, जो स्वाद को बिल्कुल अलग बना देती है. स्थानीय लोगों के साथ-साथ दिल्ली तक से आने वाले पर्यटक भी इस बन टिक्की का स्वाद लेने पहुंचते हैं. मात्र 35 रुपये में मिलने वाली यह बन टिक्की आपका दिल छू जाएगी.

Add News18 as
Preferred Source on Google

मल्लीताल स्थित मामूज़ स्वीट्स नैनीताल की सबसे प्रसिद्ध मिठाई की दुकानों में गिनी जाती है. यहां देसी घी से बनी मिठाइयों के साथ बाल मिठाई और सिंगौड़ी सबसे ज्यादा पसंद की जाती हैं. फिल्म ‘विवाह’ की शूटिंग के दौरान अभिनेता शाहिद कपूर भी यहां की मिठाइयों का स्वाद ले चुके हैं. यहां मिलने वाली बाल मिठाई और पहाड़ी चॉकलेट का स्वाद आपका दिल छू जाएगा.

मल्लीताल की यह ऐतिहासिक दुकान वर्ष 1850 से जलेबी बना रही है. यहां जलेबी कपड़े से नहीं बल्कि लोटे में छेद करके बनाई जाती है, इसलिए इसे ‘लोटे वाली जलेबा’ के नाम से जाना जाता है. गरमा-गरम जलेबी और ताजा दही का कॉम्बिनेशन आज भी पर्यटकों की पहली पसंद बना हुआ है.

अगर आप उत्तराखंड की पारंपरिक संस्कृति को खाने के जरिए महसूस करना चाहते हैं, तो कुमाऊंनी थाली जरूर चखें. इसमें मंडुवे की रोटी, भांग की चटनी, रायता, झिंगोरे की खीर, भट्ट की चुड़कानी और कई स्थानीय व्यंजन शामिल होते हैं. अनुपम और शिवा रेस्टोरेंट इसके लिए खासे मशहूर हैं.

नैनीताल की ठंडी फिजाओं में गर्मागर्म थुक्पा का स्वाद अलग ही आनंद देता है. सोनम मोमो में वेज थुक्पा 100 और नॉन-वेज 120 रुपये में मिलता है. तिब्बती फ्लेवर वाला यह व्यंजन बारिश और ठंड के मौसम में पर्यटकों की पहली पसंद बन जाता है.

अगर नैनीताल आए हैं तो बाल मिठाई पैक कराना बिल्कुल न भूलें. खोए और चीनी की छोटी-छोटी गोलियों से तैयार यह मिठाई उत्तराखंड की पहचान मानी जाती है. देश-विदेश से आने वाले पर्यटक इसे अपने साथ यादगार के रूप में ले जाते हैं.

नैनीताल सिर्फ घूमने की जगह नहीं, बल्कि स्वाद का भी शानदार ठिकाना है. यहां के मोमो, बन टिक्की, जलेबी, बाल मिठाई और कुमाऊंनी थाली हर उम्र के लोगों को पसंद आती है. अगर आप सरोवर नगरी की ट्रिप पर हैं, तो इन फूड स्पॉट्स को अपनी फूड बकेट लिस्ट में जरूर शामिल करें. जो आपको बार बार नैनीताल आने को मजबूर कर देंगी.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। उत्तराखंड की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें|

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||