Image Slider

होमखेलक्रिकेटदो साल में कैसे 23 साल के स्टार पर किस्मत हुई मेहरबान? टीम इंडिया में एंट्री

Last Updated:

who is Suryansh Shedge: आयरलैंड और इंग्लैंड टी20 सीरीज से ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी के बाहर होने के बाद सेलेक्टर्स ने 23 साल के युवा ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे को उनकी जगह चुना है. इंग्लैंड में पांच मैचों की T20 सीरीज और तीन मैचों की वनडे सीरीज़ खेलने से पहले भारत को 26 जून से आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की T20 सीरीज खेलनी है.

Zoom

सूर्यांश शेडगे को टी20 टीम में मिला मौका.

नई दिल्ली. भारत के एक और क्रिकेटर का टीम इंडिया में चुने जाने का सपना तब पूरा हुआ, जब ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टी20 सीरीज से चोट के चलते बाहर हो गए. जी हां, हम बात कर रहे हैं युवा सूर्यांश शेडगे की, जिन्होंने हाल ही में श्रीलंका में खेली गई ए टीमों की वनडे ट्राई सीरीज में भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई. सेलेक्टर्स ने उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की टी20 टीम में शामिल किया है. पिछले दो साल में उन्होंने अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से काफी प्रभावित किया, जिसका इनाम उन्हें अब टी20 टीम में जगह के रूप में मिला. सूर्यांश के यहां तक के सफर में सबसे बड़ा योगदान उनकी मां का रहा, जिन्होंने बेटे को सफल क्रिकेटर बनाने के लिए अपनी बैंक की नौकरी तक छोड़ी दी थी. आइए जानते हैं 23 साल के इस युवा स्टार के बारे में…

‘फ्लाइट में बैठने तक यकीन नहीं होगा’
भारतीय टीम में चयन होने के बाद सूर्यांश शेडगे अपनी भावनाओं को काबू में नहीं रख पा रहे हैं. टाइम्स ऑफ इंडिया से खास बातचीत में उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, ‘सच कहूं तो मुझे अभी भी इस पर यकीन नहीं हो रहा है, और मुझे लगता है कि जब तक मैं फ्लाइट में नहीं बैठ जाता, मुझे विश्वास नहीं होगा! यह बचपन से मेरा सपना था. मैं अपने माता-पिता के लिए बहुत गर्व और खुशी महसूस कर रहा हूं, क्योंकि उन्होंने मेरे लिए बहुत कुर्बानियां दी हैं. अगर वे न होते, तो मैं आज क्रिकेटर नहीं बन पाता.’

मां ने छोड़ दी थी बैंक की नौकरी
सूर्यांश की इस कामयाबी के पीछे उनकी मां का त्याग है. सूर्यांश ने खुलासा किया कि जब वह छोटे थे, तब उनकी मां एक बैंक में काम करती थीं, लेकिन प्रैक्टिस और मैचों के लिए ले जाने और उसका साथ देने के लिए उन्होंने अपनी बैंक की नौकरी छोड़ दी. इसके अलावा, पिछले दो सालों से भारत के पूर्व बल्लेबाज जतिन परांजपे, मनीष बांगेरा और मोंटी देसाई जैसे दिग्गजों ने उनकी प्रतिभा को निखारने में कड़ी मेहनत की है, जिसके लिए सूर्यांश ने उनका आभार व्यक्त किया है.

कौन हैं सूर्यांश शेडगे?
दाएं हाथ के बल्लेबाज और मध्यम गति के गेंदबाज सूर्यांश शेडगे मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं. निचले क्रम में तेजी से रन बनाने की उनकी क्षमता ने उन्हें अलग पहचान दिलाई. घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2025 की नीलामी में उन्हें 30 लाख रुपये में खरीदा. वैसे तो आईपीएल में उनका सफर 2023 में ही शुरू हो गया था, जब वह लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के तौर पर जुड़े थे, लेकिन उस सीजन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला. हालांकि, उन्होंने हार नहीं मानी.

सूर्यांश शेडगे को टीम इंडिया में मिला मौका.

SMAT में मचाया धमाल, यहीं से बदली किस्मत
सूर्यांश के करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट 2024-25 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी साबित हुई. मुंबई को चैंपियन बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई. फिनिशर की भूमिका निभाते हुए उन्होंने 131 रन 251.92 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से बनाए. सिर्फ बल्ले से ही नहीं, गेंद से भी कमाल दिखाते हुए आठ विकेट अपने नाम किए. IPL 2026 उनके लिए शानदार रहा, जहां उन्होंने 7 पारियों में 175.55 के धमाकेदार स्ट्राइक रेट से 158 रन बनाए. आईपीएल में अब तक वे 10 पारियों में 165 रन बना चुके हैं.

इंडिया ‘ए’ के लिए शानदार प्रदर्शन
हाल ही में श्रीलंका में खेली गई ट्राई-नेशन ए-सीरीज में इंडिया ‘ए’ को चैंपियन बनाने में सूर्यांश का बड़ा योगदान रहा. उन्होंने मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हुए 5 मैचों में एक अर्धशतक (72 रन) की मदद से 147 रन बनाए और साथ ही 6.04 की किफायती इकॉनमी से 2 विकेट भी झटके. अब तक के उनके क्रिकेट आंकड़े देखें तो सूर्यांश शेडगे ने 30 T20 मैचों में 178.89 के स्ट्राइक रेट से 356 रन बनाए हैं और 10.01 की इकॉनमी से 13 विकेट भी लिए हैं. लिस्ट A में उन्होंने 15 मैचों में 21.50 की औसत से 258 रन बनाए हैं और 6.54 की इकॉनमी से 11 विकेट लिए हैं.

इंडिया ए के लिए सूर्यांश दिखाया दमदार खेल.

अब असली परीक्षा की बारी
सूर्यांश शेडगे की कहानी इस बात का उदाहरण है कि प्रतिभा के साथ सही मार्गदर्शन, परिवार का समर्थन और लगातार मेहनत हो तो सपने सच हो सकते हैं. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में धमाल मचाने से लेकर टीम इंडिया तक पहुंचने का उनका सफर महज दो साल में पूरा हुआ है. अब सभी की निगाहें इस युवा ऑलराउंडर पर होंगी कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मिले मौके को किस तरह भुनाते हैं.

About the Author

authorimg

Shivam Upadhyay

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||