-16.20 करोड़ की लागत से शुरू हुई गंगाजल आपूर्ति योजना, वर्षों पुराना पेयजल संकट हुआ दूर
-महापौर सुनीता दयाल, विधायक संजीव शर्मा और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने पूजा-अर्चना कर किया शुभारंभ
-पार्षदों और क्षेत्रवासियों में उत्साह, नगर निगम और प्रदेश सरकार के प्रति जताया आभार
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। विजयनगर क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए मंगलवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ, जब वर्षों से चली आ रही स्वच्छ पेयजल की समस्या का समाधान करते हुए नगर निगम ने गंगाजल आपूर्ति योजना का विधिवत शुभारंभ कर दिया। लगभग 16 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से तैयार इस महत्वाकांक्षी परियोजना के शुरू होने के साथ ही विजयनगर के 10 वार्डों में रहने वाले हजारों परिवारों तक पहली बार नियमित रूप से गंगाजल की आपूर्ति शुरू हो गई। मंगलवार को कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर सुनीता दयाल की अध्यक्षता में शहर विधायक संजीव शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति तथा नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्षद, नगर निगम के अधिकारी तथा क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विजयनगर में गंगाजल आपूर्ति योजना का शुरू होना केवल एक परियोजना का उद्घाटन नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय क्षेत्र की जनता, जनप्रतिनिधियों और नगर निगम की पूरी टीम को देते हुए कहा कि सभी के सहयोग से यह योजना धरातल पर सफलतापूर्वक उतर सकी है।
महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि विजयनगर क्षेत्र लंबे समय से स्वच्छ पेयजल की समस्या से जूझ रहा था। नगर निगम ने इस समस्या को प्राथमिकता देते हुए लगातार प्रयास किए और आज उसका सुखद परिणाम क्षेत्रवासियों के सामने है। उन्होंने कहा कि गंगाजल की आपूर्ति शुरू होने से हजारों परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को बेहतर जीवन स्तर प्रदान करना है। उन्होंने इस परियोजना को सफल बनाने में सभी पार्षदों के सहयोग की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह गर्व का विषय है कि गंगाजल आपूर्ति की यह योजना नोएडा और खोड़ा से पहले विजयनगर क्षेत्र में शुरू हुई है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि के अंतर्गत लगभग 16 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से इस परियोजना को पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है। विजयनगर में गंगाजल आपूर्ति शुरू होना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाले समय में भी विजयनगर सहित शहर के अन्य क्षेत्रों में कई विकास परियोजनाएं शुरू की जाएंगी, जिससे नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।
महाप्रबंधक (जल) कामाख्या प्रसाद आनंद ने जानकारी दी कि योजना के अंतर्गत वार्ड संख्या-3 ओल्ड विजयनगर, वार्ड संख्या-4 सेक्टर-12 माता कॉलोनी, वार्ड संख्या-14 न्यू विजयनगर, वार्ड संख्या-15 चरण सिंह कॉलोनी, वार्ड संख्या-25 अंबेडकर नगर, वार्ड संख्या-26 माधोपुर सुंदरपुरी, वार्ड संख्या-48 मिर्जापुर, वार्ड संख्या-51 प्रताप विहार सेक्टर-11, वार्ड संख्या-55 विजयनगर सेक्टर-11 ए ब्लॉक तथा वार्ड संख्या-58 शिवपुरी में गंगाजल की आपूर्ति शुरू कर दी गई है। इन सभी क्षेत्रों में लंबे समय से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा कर दिया गया है। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के पार्षदों और स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। लोगों ने वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के समाधान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए गाजियाबाद नगर निगम, महापौर, नगर आयुक्त तथा पूरी निगम टीम का आभार जताया।
उपस्थित पार्षदों ने कहा कि यह केवल विकास कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही सबसे बड़ी आवश्यकता की पूर्ति है। कार्यक्रम के अंत में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर के प्रत्येक क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है और भविष्य में भी पेयजल, स्वच्छता, सड़क तथा अन्य विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। गंगाजल आपूर्ति योजना के शुभारंभ के साथ ही विजयनगर के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



