नूंह। गांव आलदोका स्थित काट वाले मंदिर में सोमवार से श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह का शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति के माहौल में हुआ। कार्यक्रम के पहले दिन महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने गांव की परिक्रमा करते हुए भव्य कलश यात्रा निकाली, जिससे पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया। मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक आयोजन का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ किया गया। कथा का वाचन कथावाचक तेजराम शास्त्री बृजवासी द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने पहले दिन श्रीमद्भागवत महापुराण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत कथा मनुष्य को धर्म, सत्य और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से जीवन में सदाचार और भगवान के प्रति आस्था बनाए रखने का आह्वान किया।
मंदिर के महंत राघवेंद्र नाथ तथा मंदिर समिति के सदस्य विनोद मास्टर, हितेश गर्ग, राजू फौजी, जिले सिंह और विजयपाल ने बताया कि 29 जून तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा श्रवण कर रहे हैं। कार्यक्रम के समापन पर 29 जून को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।