Image Slider

-नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशन में अधिकारियों-कर्मचारियों को दी गई बेसिक लाइफ सपोर्ट और सीपीआर की विशेष ट्रेनिंग
-स्वस्थ और सशक्त जीवन के लिए संतुलित आहार व नियमित योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाना जरूरी: सुनीता दयाल
-यशोदा मेडिसिटी और नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में आपातकालीन जीवन रक्षा तकनीक से लेकर डिटॉक्सिफिकेशन व सर्काडियन रिदम तक मिली अहम जानकारी

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम मुख्यालय शनिवार को स्वास्थ्य जागरूकता, जीवन रक्षा और फिटनेस का केंद्र बन गया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशन में नगर निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण एवं जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों में किसी व्यक्ति की जान बचाने के लिए आवश्यक सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) और बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व चल रहे योग सप्ताह के अंतर्गत संतुलित आहार, योग, डिटॉक्सिफिकेशन और स्वस्थ जीवनशैली पर भी विस्तृत जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया। कार्यक्रम में महापौर सुनीता दयाल, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य अभियंता (निर्माण) नरेंद्र कुमार चौधरी, महाप्रबंधक (जल) कामाख्या प्रसाद आनंद, नजारत प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं लिपिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद विशेषज्ञों ने जीवन रक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण देना शुरू किया। प्रभारी नजारत डॉ. अनुज कुमार ने बताया कि यशोदा मेडिसिटी, इंदिरापुरम एवं गाजियाबाद नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस बेसिक लाइफ सपोर्ट ट्रेनिंग का उद्देश्य कर्मचारियों को ऐसी परिस्थितियों के लिए तैयार करना है, जब किसी व्यक्ति की सांस या हृदय गति अचानक रुक जाए। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सीपीआर देने की सही प्रक्रिया, मरीज की स्थिति का आकलन करने के तरीके, समय पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने की तकनीक तथा एम्बुलेंस पहुंचने तक जीवन बचाने के महत्वपूर्ण उपायों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं भी अभ्यास कर तकनीकों को समझा। विशेषज्ञों ने बताया कि कई बार दुर्घटना, हृदयाघात, बिजली का करंट लगने या अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। यदि आसपास मौजूद व्यक्ति सही तरीके से सीपीआर देना जानता हो तो किसी की जान बचाई जा सकती है।

इसी उद्देश्य से नगर निगम कर्मचारियों को इस प्रशिक्षण से जोड़ा गया, ताकि वे आवश्यकता पडऩे पर समाज के लिए भी उपयोगी साबित हो सकें। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में योग सप्ताह के अंतर्गत स्वास्थ्य एवं जीवनशैली पर आधारित विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। पावरिंग योगा वेंचर के संस्थापक सुनील कुमार सिन्हा ने योग, संतुलित आहार, डिटॉक्सिफिकेशन, सर्काडियन रिदम तथा मानसिक स्वास्थ्य के बीच संबंध को सरल और वैज्ञानिक तरीके से समझाया। उन्होंने बताया कि अनियमित दिनचर्या, असंतुलित भोजन और तनाव आज अधिकांश बीमारियों का प्रमुख कारण बन रहे हैं। यदि व्यक्ति नियमित योग, समय पर भोजन और पर्याप्त विश्राम को अपनी दिनचर्या में शामिल करे तो अनेक गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच ही सफल जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से प्रतिदिन योग करने, पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि शारीरिक रूप से स्वस्थ कर्मचारी न केवल अपने परिवार बल्कि समाज और संस्था के लिए भी अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सकते हैं। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य केवल कर्मचारियों को जागरूक करना ही नहीं, बल्कि उन्हें ऐसी व्यावहारिक दक्षता प्रदान करना भी था जिससे वे किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत सहायता कर सकें। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के नियमित स्वास्थ्य एवं जीवन रक्षा संबंधी सत्र आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। पूरे आयोजन में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और इसे अपने व्यक्तिगत एवं सामाजिक जीवन के लिए बेहद लाभकारी बताया।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||