Image Slider

Last Updated:

आमिर खान की फिल्म ‘लगान’ की रिलीज को पूरे 25 साल हो चुके हैं. इस खास मौके पर फिल्म में भूरा का किरदार निभाने वाले रघुबीर यादव ने शूटिंग के कई दिलचस्प किस्से साझा किए. उन्होंने बताया कि सेट पर अनुशासन इस कदर कड़ा था कि समय पर न पहुंचने पर खुद आमिर खान पर भी जुर्माना लगाया गया था. इतना ही नहीं, लेट होने पर क्रू की बस आमिर को लिए बिना ही सेट के लिए रवाना हो गई थी.

ख़बरें फटाफट

Zoom

रघुबीर यादव ने ‘लगान’ की शूटिंग का बताया किस्सा.

नई दिल्ली. आशुतोष गोवारिकर के निर्देशन में बनी आमिर खान की आइकॉनिक फिल्म ‘लगान’ की रिलीज को 25 साल हो चुके हैं. इसमें कई सितारे अहम किरदारों में नजर आए थे, जिनमें रघुबीर यादव भी शामिल हैं. उन्होंने फिल्म में भूरा का रोल निभाया था. फिल्म की सिल्वर जुबली के मौके पर रघुबीर ने शूटिंग के दिनों की कुछ बेहद दिलचस्प यादें ताजा की हैं. ‘लगान’ फिल्म की शूटिंग गुजरात के कच्छ जिले में हुई थी, जो अपनी भीषण गर्मी के लिए जाना जाता है. रघुबीर यादव ने बताया कि आमिर खान के लेट होने पर कैसे क्रू की बस उन्हें छोड़कर सेट के लिए चल पड़ी थी.

स्क्रीन के साथ इंटरव्यू के दौरान रघुबीर यादव ने ‘लगान’ फिल्म की शूटिंग के बारे में बात की. उन्होंने हंसते हुए कहा, ‘मुझे सबसे पहले वहां की भयंकर गर्मी याद आती है. हम वहां जनवरी से जून तक, करीब 6 महीने रहे. धूप में झुलसकर हम सबका रंग टैन हो गया था. दूसरी बात यह कि वहां कभी लगा ही नहीं कि हम किसी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं. आमिर खान ने हम सबको इस तरह जोड़ा था कि हम एक परिवार बन गए थे. आजकल फिल्मों के सेट पर ऐसा तालमेल बहुत कम देखने को मिलता है. वहां कोई छोटा-बड़ा नहीं था, सबके साथ एक जैसा बर्ताव होता था.’

आमिर खान को लिए बिना बस हो गई थी रवाना

रघुबीर यादव ने बताया कि ‘लगान’ के सेट पर अनुशासन को लेकर कोई समझौता नहीं होता था. उठने, खाने और सफर करने का समय एकदम तय था. उन्होंने एक मजेदार किस्सा साझा करते हुए बताया, ‘हम लोग रोज सुबह 4 बजे उठकर निकल जाते थे. क्रू की बस का समय बिल्कुल फिक्स था. जो कोई समय पर बस में नहीं बैठ पाता, उसे जैसे-तैसे खुद सेट पर पहुंचना पड़ता था, बस किसी का इंतजार नहीं करती थी. एक दिन खुद आमिर खान को थोड़ी देर हो गई. नियम सबके लिए बराबर थे, इसलिए आमिर के लिए कोई स्पेशल ट्रीटमेंट नहीं था और बस उन्हें लिए बिना ही समय पर रवाना हो गई. बाद में आमिर ने सिनेमैटोग्राफर अनिल मेहता से लिफ्ट मांगी और उनकी गाड़ी से सेट पर पहुंचे.’

‘लगान’ में रघुबीर यादव ने भूरा का रोल निभाया था.

आमिर खान पर देरी से आने पर लगा था जुर्माना

एक पुराने इंटरव्यू में डायरेक्टर आशुतोष गोवारिकर ने खुलासा किया था कि ‘लगान’ के सेट पर देर से आने वालों पर जुर्माना लगाया जाता था. जब रघुबीर यादव से पूछा गया कि क्या उन्हें भी कभी यह लेट फीस भरनी पड़ी थी? इस पर जवाब देते हुए रघुबीर यादव ने कहा, ‘नहीं-नहीं, मैं तो बच गया था. हां, आमिर खान पर जरूर जुर्माना लगा होगा. देर से आने पर कुछ पैसे काटे जाते थे, शायद 500 के आस-पास, उससे ज्यादा नहीं. लेकिन सच बताऊं तो उस नियम का मकसद पैसे वसूलना नहीं, बल्कि लेट आने वाले को सबके सामने शर्मिंदा करना था, क्योंकि फिर सेट पर हर किसी को पता चल जाता था कि भाई साहब आज लेट आए हैं.’

फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए थे रघुबीर यादव

रघुबीर यादव ने शूटिंग के दौरान का हैरान करने वाला किस्सा शेयर किया. उन्होंने बताया कि कैसे फिल्म के सेट पर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और उन्हें इमरजेंसी अपेंडिक्स सर्जरी करानी पड़ी. रघुबीर यादव ने बताया, ‘वहां कच्छ में मुझे फूड पॉइजनिंग हो गई थी. हमारी यूनिट के लिए एक डॉक्टर हमेशा वहां तैनात रहता था, उसी ने मेरा अपेंडिक्स निकालने का फैसला किया. उस डॉक्टर के पास कोई नया मेडिकल इंस्ट्रूमेंट आया था, जिसे लेकर उसने दावा किया कि वह इसके जरिए महज 15 मिनट में मेरी दिक्कत दूर कर देगा. असल में वह डॉक्टर अपनी उस नई मशीन का रौब झाड़ना चाहता था, लेकिन चक्कर यह हुआ कि मेरे पेट में तीन कट लगाने के बाद भी ऑपरेशन नहीं कर पाया.’

About the Author

authorimg

Kamta PrasadSenior Sub Editor

कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …और पढ़ें

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||