Image Slider

गाजियाबाद। लखीमपुर खीरी के पीलीभीत-बस्ती राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह ट्रक और सवारियों से भरे टाटा मैजिक की भिड़ंत में 10 लोगों की मौत के बाद भी जिले का सरकारी तंत्र नहीं चेता है। गाजियाबाद की सड़कों पर जानलेवा सफर खुलेआम जारी है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, नेशनल हाईवे, सर्विस रोड और शहर की प्रमुख सड़कों पर अवैध और डग्गामार वाहन नियमों को ताक पर रखकर सवारियां ढो रहे हैं।

टाटा मैजिक, मालवाहक ई-रिक्शा और ट्रैक्टर-ट्रॉली लोगों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। शहर के 57 प्रमुख चौराहों और मार्गों पर एक हजार से अधिक आईटीएमएस और सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। 500 से अधिक यातायात पुलिसकर्मी और होमगार्ड तैनात होने का दावा किया जाता है। इसके बावजूद ओवरलोड और अवैध वाहन सड़कों पर बेखौफ दौड़ते नजर आते हैं।

दोपहर एक बजे

एनएच-नौ पर फर्राटा भरता टाटा मैजिक

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के समानांतर स्थित एनएच-नौ पर सोमवार दोपहर करीब एक बजे डासना की ओर से एक टाटा मैजिक दिल्ली की तरफ जाता दिखाई पड़ा। वाहन में महिलाएं, बच्चे और युवाओं समेत करीब 11 सवारियां भरी थीं। केबिन में जहां दो लोगों के बैठने की व्यवस्था थी, वहां पांच लोग ठुंसे हुए थे। पीछे लगा डाला भी खुला था। ऐसे में मामूली टक्कर भी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। हैरत की बात यह रही कि वाहन आईटीएमएस कैमरों, यातायात बूथ और पुलिसकर्मियों के सामने से बिना रोकटोक गुजर गया।

दोपहर दो बजे

हापुड़ रोड पर मालवाहक ई-रिक्शा में नौ सवारियां

शहर की व्यस्ततम सड़कों में शामिल हापुड़ रोड पर मुकुंद नगर के सामने एक मालवाहक ई-रिक्शा में नौ लोग सवार दिखाई दिए। इनमें दो नाबालिग भी शामिल थे। छह लोग खुली बॉडी में बिना किसी सुरक्षा के बैठे थे। चालक के बराबर जहां एक सवारी के बैठने की जगह थी, वहां तीन लोग बैठे मिले। ई-रिक्शा में न छत थी, न सीट और न ही पकड़ने का कोई सहारा। तेज रफ्तार या अचानक ब्रेक लगने पर बड़ा हादसा हो सकता था। इसके बावजूद वाहन शहर की सड़कों पर बेधड़क दौड़ता रहा।

दोपहर ढाई बजे

चौधरी मोड़ पर नियमों की उड़ीं धज्जियां

बुलंदशहर रोड स्थित चौधरी मोड़ पर यातायात नियमों की अनदेखी साफ दिखाई दी। एक पुलिसकर्मी सिग्नल तोड़कर बाइक दौड़ाता नजर आया, वहीं पीछे चल रहे मालवाहक ई-रिक्शा में महिलाएं और बच्चों समेत 12 सवारियां भरी थीं। ई-रिक्शा पर न क्यूआर कोड था और न ही चालक का कोई विवरण अंकित था। खुली छत वाले इस वाहन में क्षमता से कई गुना अधिक लोग बैठे थे। इसके बावजूद वाहन चौधरी मोड़ से आंबेडकर रोड की ओर तेजी से दौड़ता रहा।

ये हैं मुख्यमंत्री के निर्देश

वर्ष 2022 में मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सड़क किनारे अवैध पार्किंग और स्टैंड हटाने, मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने पर रोक लगाने, ओवरलोडिंग रोकने और बिना फिटनेस वाले वाहनों के संचालन पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त और पुलिस अधीक्षकों को इस संबंध में सख्त कार्रवाई के आदेश जारी किए गए थे।

एडीसीपी यातायात वरुण कुमार का कहना है कि जिले के ऐसे मार्ग चिह्नित किए जा रहे हैं, जहां डग्गामार और मालवाहक वाहनों में सवारियां ढोई जा रही हैं। ऐसे वाहनों को सीज करने के लिए एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाया जाएगा।

लापरवाही.... एनएच नौ पर मालवाहक वाहन में सवार होकर जाते लोग। संवाद

लापरवाही…. एनएच नौ पर मालवाहक वाहन में सवार होकर जाते लोग। संवाद

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||