-जिलाधिकारी की अपील-पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं, आपूर्ति पूरी तरह सामान्य
-जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए एसडीएम के नेतृत्व में पुलिस व आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीमें गठित
-किसी भी समस्या के लिए हेल्पलाइन 0120-3761964 जारी, गैस कंपनियों व आपूर्ति अधिकारियों के नंबर भी सार्वजनिक
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जिले में पेट्रोल, डीजल और घरेलू रसोई गैस की कमी को लेकर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जनपद में ईंधन और गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। इसलिए लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस एजेंसियों तथा पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में आपूर्ति करने वाली कंपनियों और एजेंसियों के पास पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक और रिजर्व उपलब्ध है। इसके बावजूद कुछ बेबुनियाद अफवाहों के कारण उपभोक्ताओं द्वारा अत्यधिक संख्या में गैस बुकिंग कराई जा रही है। अधिक बुकिंग के कारण गैस बुकिंग सर्वर पर अधिक लोड पड़ रहा है, जिससे कई बार उपभोक्ताओं को तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि इस तकनीकी समस्या को ठीक कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि घरेलू गैस सिलेंडरों की बुकिंग और डिलीवरी प्रक्रिया में कुछ बदलाव भी किए गए हैं। अब दो गैस सिलेंडरों की बुकिंग के बीच 25 दिन का अंतराल निर्धारित किया गया है। यह व्यवस्था इसलिए लागू की गई है ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिल सके और किसी प्रकार की अनावश्यक जमाखोरी को रोका जा सके। प्रशासन ने पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडरों की जमाखोरी, अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। इसके लिए जिले के सभी उपजिलाधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन और आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें लगातार पेट्रोल पंपों, गैस एजेंसियों और अन्य संबंधित स्थानों पर निगरानी रखेंगी और किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर तुरंत कार्रवाई करेंगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति पेट्रोल, डीजल या घरेलू गैस सिलेंडरों की जमाखोरी करता है, अवैध भंडारण करता है, कालाबाजारी करता है या अफवाह फैलाता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन ने आम जनता की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 0120-3761964 भी जारी किया है। यदि किसी नागरिक को पेट्रोल, डीजल या गैस से संबंधित किसी प्रकार की समस्या या जानकारी चाहिए तो वह इस नंबर पर संपर्क कर सकता है। गैस से संबंधित किसी भी शिकायत या असुविधा के लिए संबंधित कंपनियों के अधिकारियों के नंबर भी जारी किए गए हैं। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के विक्रय प्रबंधक दीपकराज से 9624451100 तथा नमन यादव से 8053333039 पर संपर्क किया जा सकता है।
भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) की अधिकारी कनकना से 9707048264 और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के अधिकारी अमित कुमार से 9582418375 पर संपर्क कर गैस से जुड़ी समस्याओं की जानकारी दी जा सकती है। इसी प्रकार आपूर्ति विभाग ने भी तहसील स्तर पर अधिकारियों के संपर्क नंबर जारी किए हैं। मोदीनगर तहसील के लिए क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विनोद भारती से 9528871403 तथा मोदीनगर शहर के लिए क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी स्वेज पंवार से 9720577155 पर संपर्क किया जा सकता है। ब्लॉक भोजपुर के लिए पूर्ति निरीक्षक हेमलता का नंबर 7408137240 तथा मोदीनगर शहर के लिए पूर्ति निरीक्षक दीपा वर्मा का नंबर 8272829626 जारी किया गया है।
मुरादनगर शहर और ग्रामीण क्षेत्र के लिए पूर्ति निरीक्षक शैलेश कुमार सिंह से 9453418386 पर संपर्क किया जा सकता है। लोनी तहसील के लिए क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विशाल यादव का नंबर 7906871761 तथा पूर्ति निरीक्षक आनंद स्वरूप त्रिपाठी का नंबर 9984450573 जारी किया गया है। इसके अलावा सदर तहसील के लिए क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी प्रिया तिवारी का नंबर 6394555683 जारी किया गया है। नगर क्षेत्र प्रथम और ब्लॉक रजापुर के लिए पूर्ति निरीक्षक सत्यप्रकाश मालवीय से 8010287829, नगर क्षेत्र द्वितीय के लिए पूर्ति निरीक्षक प्रियंका राय से 8800453645, नगर क्षेत्र ट्रांसहिण्डन के लिए पूर्ति निरीक्षक नूर फातिमा से 8081205222 तथा नगर क्षेत्र खोड़ा के लिए पूर्ति निरीक्षक दिव्या जिंदल से 8860369093 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने अंत में जनपदवासियों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और पेट्रोल, डीजल तथा घरेलू गैस की आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से ही व्यवस्था को सुचारु रखा जा सकता है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कृत्रिम संकट की स्थिति को रोका जा सकता है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



