Image Slider

-कोतवाली नगर थाने में स्थानीय लोगों के साथ आयोजित हुई विशेष गोष्ठी
-त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
-साम्प्रदायिक सौहार्द और आपसी सहयोग से पर्व मनाने की पुलिस ने की अपील

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आगामी अलविदा नमाज को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली नगर उपासना पाण्डेय के नेतृत्व में थाना कोतवाली नगर परिसर में स्थानीय नागरिकों, समाजसेवियों और क्षेत्र के जिम्मेदार लोगों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस बैठक में आगामी धार्मिक आयोजन के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष रूप से चर्चा की गई। गोष्ठी में एसीपी उपासना पाण्डेय ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अलविदा नमाज़ एक महत्वपूर्ण धार्मिक अवसर है, जिसे सभी को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता यह है कि जिले में हर त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो और किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि को सख्ती से रोका जाए।

बैठक के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें और अपने-अपने क्षेत्रों में शांति और भाईचारे का माहौल बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। एसीपी ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया के इस दौर में अफवाहें बहुत तेजी से फैलती हैं, इसलिए सभी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। किसी भी प्रकार की अपुष्ट जानकारी या भ्रामक संदेशों को आगे बढ़ाने से बचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। गोष्ठी में मौजूद क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने भी पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द हमेशा से मजबूत रहा है और आगे भी सभी लोग मिलकर इसे बनाए रखने का प्रयास करेंगे।

बैठक के दौरान नमाज के दौरान यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नमाज के समय संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके साथ ही एसीपी उपासना पाण्डेय ने स्थानीय लोगों से यह भी कहा कि वे अपने आसपास के युवाओं और समुदाय के अन्य लोगों को भी जागरूक करें, ताकि त्योहार के दौरान अनुशासन और मर्यादा का पूरा ध्यान रखा जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही किसी भी बड़े आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सकता है।

गोष्ठी के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने यह संकल्प लिया कि वे मिलकर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और साम्प्रदायिक सौहार्द को बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे। पुलिस अधिकारियों ने भी भरोसा दिलाया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। इस प्रकार पुलिस और स्थानीय नागरिकों के बीच संवाद और सहयोग की यह पहल आने वाले धार्मिक अवसर को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||