-नोएडा प्राधिकरण के करीब 4800 कर्मचारियों को मिलेगा स्वास्थ्य बीमा का लाभ
-एसबीआई जनरल इंश्योरेंस के माध्यम से लागू होगी योजना, परिवार के पांच सदस्य भी कवर
-ईएसआईसी से बाहर कर्मचारियों को पहली बार मिलेगी व्यापक मेडिकल सुरक्षा
उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश की पहल पर नोएडा प्राधिकरण के संविदा कर्मियों को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से मेडिकल सुविधा की मांग कर रहे हजारों कर्मचारियों के लिए अब मेडिकल इंश्योरेंस की व्यवस्था लागू कर दी गई है, जिससे उन्हें और उनके परिवार को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिल सकेगी।
नोएडा प्राधिकरण अपने लगभग 4800 संविदा कर्मियों को मेडिकल इंश्योरेंस की सुविधा देगा। इस संबंध में गुरुवार को प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने एसबीआई जनरल इंश्योरेंस के माध्यम से मेडिकल इंश्योरेंस उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी। प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार यह निर्णय पहले ही 26 अक्टूबर 2024 को हुई प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में लिया गया था, जिसके बाद अब इस योजना को औपचारिक रूप से लागू कर दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक संविदा कर्मचारी को मेडिकल इंश्योरेंस का लाभ मिलेगा। खास बात यह है कि इस योजना में कर्मचारियों के साथ उनके परिवार के पांच आश्रित सदस्यों को भी स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिलेगा। इसके लिए प्रति कर्मचारी प्रति वर्ष 10 हजार रुपये का प्रीमियम जमा किया जाएगा, जो श्रमशक्ति आपूर्तिकर्ता एजेंसी के माध्यम से भुगतान किया जाएगा।
दरअसल, अभी तक इंप्लाइज स्टेट इंश्योरेंस कॉरपोरेजशन द्वारा तय 21 हजार रुपये की वेतन सीमा से अधिक वेतन पाने वाले संविदा कर्मचारी ईएसआईसी की चिकित्सा सुविधा से बाहर हो जाते थे। ऐसे कर्मचारियों के लिए अलग से मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। मेडिकल इंश्योरेंस उपलब्ध कराने के लिए प्राधिकरण ने कई कंपनियों से प्रस्ताव मंगाए थे, जिनमें यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी, एचडीएफसी बैंक और बजाज एलांज शामिल थीं। सभी कंपनियों की प्रस्तुति के बाद प्राधिकरण ने एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी को इस योजना के लिए चुना। इस फैसले से हजारों संविदा कर्मचारियों को अब बेहतर और समय पर चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद है।

सीईओ, नोएडा प्राधिकरण
नोएडा प्राधिकरण के संविदा कर्मी भी संस्था की कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से संविदा कर्मचारियों के लिए मेडिकल इंश्योरेंस योजना लागू की गई है, जिससे उन्हें और उनके परिवारों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। प्राधिकरण कर्मचारियों के कल्याण के लिए आगे भी ऐसे सकारात्मक कदम उठाता रहेगा।
कृष्णा करुणेश, मुख्य कार्यपालक अधिकारी
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


