Image Slider

-जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल से मिलकर किसानों ने सौंपे सहमति पत्र
-अब तक 130 हेक्टेयर भूमि के लिए सहमति, 82 हेक्टेयर भूमि की हो चुकी रजिस्ट्री
-530 हेक्टेयर में विकसित होगी आधुनिक टाउनशिप, पहले फेज की लॉन्चिंग जल्द

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की महत्वाकांक्षी हरनंदीपुरम आवासीय योजना को अब तेजी मिलने लगी है। योजना के लिए भूमि खरीद प्रक्रिया में किसानों का सहयोग लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को योजना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के किसानों ने जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल से उनके कार्यालय में मुलाकात कर लगभग 7 हेक्टेयर भूमि के लिए सहमति पत्र सौंपे। किसानों की इस पहल को योजना के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने किसानों के साथ संवाद करते हुए कहा कि भूमि खरीद की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से और किसानों की सहमति के आधार पर की जा रही है।

उन्होंने कहा कि किसानों के सहयोग से योजना को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है और आने वाले समय में इस प्रक्रिया में और तेजी आने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि हरनंदीपुरम योजना के लिए अब तक किसानों से लगभग 130 हेक्टेयर भूमि के लिए सहमति प्राप्त हो चुकी है। इसके अतिरिक्त आपसी सहमति के आधार पर लगभग 82 हेक्टेयर भूमि के बैनामे (रजिस्ट्री) भी कराए जा चुके हैं। जीडीए अधिकारियों द्वारा किसानों के साथ लगातार संवाद कर भूमि खरीद की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।

जीडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि हरनंदीपुरम योजना गाजियाबाद की प्रमुख नियोजित टाउनशिप परियोजनाओं में से एक है। इस योजना को लगभग 530 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल में विकसित करने का प्रस्ताव है। इसके अंतर्गत आधुनिक आवासीय सेक्टर, चौड़ी और सुव्यवस्थित सड़कें, हरित क्षेत्र, पार्क, सामुदायिक सुविधाएं और अन्य शहरी आधारभूत ढांचे का विकास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना के पहले चरण को अगले तीन से चार माह के भीतर लॉन्च करने की तैयारी की जा रही है। इस योजना के विकसित होने से गाजियाबाद में सुनियोजित शहरी विस्तार को बढ़ावा मिलेगा और नागरिकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी। प्रदेश सरकार भी इस परियोजना को लेकर गंभीर है। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत इस परियोजना के लिए लगभग 400 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जा चुकी है।

इस धनराशि का उपयोग भूमि खरीदने और प्रारंभिक अवसंरचना विकास कार्यों को गति देने के लिए किया जा रहा है। जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने किसानों के सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्राधिकरण किसानों के हितों का पूरा ध्यान रखते हुए इस योजना को तेजी से विकसित करेगा। उन्होंने कहा कि हरनंदीपुरम योजना के विकसित होने से क्षेत्र में आधुनिक आवासीय सुविधाओं के साथ-साथ आधारभूत संरचना में भी सुधार होगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। इस अवसर पर किसानों ने भी क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि वे योजना के विकास में जीडीए का पूरा सहयोग करेंगे, ताकि क्षेत्र का संतुलित और सुनियोजित विकास सुनिश्चित हो सके।

बैठक के दौरान जीडीए के ओएसडी राजीव रतन सिंह, तहसीलदार विवेक कुमार मिश्रा सहित योजना क्षेत्र के कई गांवों के किसान उपस्थित रहे। अधिकारियों का मानना है कि किसानों के बढ़ते सहयोग से हरनंदीपुरम योजना को जमीन पर उतारने की प्रक्रिया और अधिक तेज होगी और आने वाले समय में यह परियोजना गाजियाबाद के शहरी विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||