Image Slider

  • रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद स्मार्ट सिटी की सीएसआर पहल से साकार हुआ आधुनिक डायलिसिस सेंटर
  • फेरोलाइट जॉइंटिंग्स लिमिटेड के सहयोग से 30 लाख की स्वास्थ्य परियोजना का लोकार्पण
  • श्री तिरुपति हॉस्पिटल (संचालित-होपगिवर्स ब्राइट विजन फाउन्डेशन) में अब रियायती दरों पर उपलब्ध होंगी सेवाएं

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर में बढ़ते किडनी रोगियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद स्मार्ट सिटी ने शनिवार को अपने सीएसआर प्रोजेक्ट के अंतर्गत एक आधुनिक डायलिसिस सेंटर का उद्घाटन कर उसे श्री तिरुपति हॉस्पिटल (संचालित-होपगिवर्स ब्राइट विजन फाउन्डेशन) को विधिवत सुपुर्द कर दिया। इस परियोजना में फेरोलाइट जॉइंटिंग्स लिमिटेड का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। लगभग 30 लाख रुपये की लागत से तैयार यह केंद्र अब गाजियाबाद के आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को रियायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण डायलिसिस सेवाएं उपलब्ध कराएगा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट 3012 की गवर्नर डॉ. अमिता मोहिन्दू रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में फेरोलाइट जॉइंटिंग्स लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर अशोक कुमार शर्मा एवं डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट रो. अमित गुप्ता उपस्थित रहे। समारोह में शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों, रोटरी पदाधिकारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर इस स्वास्थ्य पहल की सराहना की। सीएसआर प्रोजेक्ट के प्रमोटर एवं पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. सुभाष जैन ने अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्र में क्रॉनिक किडनी रोग के मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है।

डायलिसिस जैसी जीवनरक्षक प्रक्रिया का खर्च इतना अधिक होता है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए इसे नियमित रूप से कराना बेहद कठिन हो जाता है। कई मरीजों को जीवनभर सप्ताह में दो से तीन बार डायलिसिस की आवश्यकता पड़ती है, जिससे उन पर आर्थिक और मानसिक दोनों तरह का दबाव बढ़ता है। ऐसे में यह केंद्र जरूरतमंदों के लिए संजीवनी साबित होगा। उन्होंने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य केवल मशीनें स्थापित करना नहीं, बल्कि  ‘किफायती किडनी देखभाल के माध्यम से सेवा’ की भावना को साकार करना है। क्लब का मानना है कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं किसी भी समाज की बुनियादी आवश्यकता हैं और रोटरी की प्राथमिकताओं में सामुदायिक स्वास्थ्य प्रमुख स्थान रखता है। फेरोलाइट जॉइंटिंग्स लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर अशोक कुमार शर्मा ने कहा कि उनकी कंपनी सामाजिक दायित्वों के प्रति प्रतिबद्ध है और स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील क्षेत्र में योगदान देना गर्व की बात है।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह डायलिसिस सेंटर आने वाले वर्षों में हजारों मरीजों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा। वहीं, डॉ. राजीव गोयल ने श्री तिरुपति हॉस्पिटल एवं होपगिवर्स ब्राइट विजन फाउंडेशन की ओर से रोटरी क्लब और सीएसआर सहयोगी कंपनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अस्पताल इस सुविधा का संचालन पूरी पारदर्शिता और उच्च चिकित्सा मानकों के अनुरूप करेगा, ताकि मरीजों को सुरक्षित और प्रभावी उपचार मिल सके। समारोह में पीडीजी जे. के. गौड, पीडीजी अशोक अग्रवाल, पीडीजी प्रियतोष गुप्ता, डीजीएनडी रीना गुप्ता सहित अनेक वरिष्ठ रोटेरियन एवं क्लब सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन क्लब अध्यक्ष रो. भारती गर्ग द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस नई पहल के साथ गाजियाबाद में किफायती स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक मजबूत कदम बढ़ा है। डायलिसिस सेंटर न केवल मरीजों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार करेगा, बल्कि शहर में सतत एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवा मॉडल का उदाहरण भी प्रस्तुत करेगा।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||