-रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने लाइव मॉनिटरिंग के बीच सुनीं समस्याएं, दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
-सीएम कार्यालय से सीधी कनेक्टिविटी के साथ पारदर्शी जनसुनवाई, अधिकारियों को गुणवत्ता पर विशेष जोर
-दिव्यांगजनों ने राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन व लोन स्वीकृति पर जताया आभार
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट परिसर में शनिवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में उस समय संवेदनशील प्रशासन की मिसाल देखने को मिली, जब जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने न केवल फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं, बल्कि कई मामलों में तत्काल समाधान भी सुनिश्चित कराया। मुख्यमंत्री कार्यालय उत्तर प्रदेश से लाइव कनेक्टिविटी के माध्यम से मॉनिटरिंग के बीच आयोजित इस जनसुनवाई में राजस्व, जीडीए, नगर निगम, विद्युत, स्वास्थ्य एवं निर्माण विभाग से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक प्रार्थना पत्र का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रत्येक कार्यदिवस में प्रात: 10 से 12 बजे तक जन शिकायतें सुनें और जूम प्लेटफॉर्म पर लाइव उपलब्ध रहें, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। जनता दर्शन के दौरान कई ऐसे प्रार्थी भी पहुंचे, जिनकी पूर्व में दी गई शिकायतों का समाधान हो चुका था।
चन्द्रपुरी निवासी दिव्यांग अनिल कुमार अपने पुत्र के साथ मिठाई का डिब्बा लेकर जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे और भावुक स्वर में बताया कि उनके राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, दिव्यांग पेंशन तथा रोजगार हेतु लोन की स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि उनके खाते में लोन की राशि भी आ चुकी है तथा स्कूटर की मांग पर भी कार्यवाही चल रही है। इस पर जिलाधिकारी ने उन्हें आश्वस्त किया कि भविष्य में बच्चे की शिक्षा या अन्य किसी भी आवश्यकता के लिए प्रशासन से संपर्क किया जा सकता है। इसी क्रम में ग्यासपुर निवाड़ी, मोदीनगर निवासी दिव्यांग मुकेश कुमार ने ट्राईसाइकिल की मांग रखी। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया। मात्र एक घंटे के भीतर मुकेश कुमार को ट्राईसाइकिल उपलब्ध करा दी गई। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि उन्हें राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, रेल पास, रोजगार लोन एवं दिव्यांग पेंशन जैसी अन्य योजनाओं का लाभ भी शीघ्र दिलाया जाए।
मुकेश कुमार ने प्रशासन के इस त्वरित कदम पर आभार व्यक्त किया। मीडिया के माध्यम से जिलाधिकारी ने अपील की कि गरीब, असहाय, कमजोर और पात्र नागरिक सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लेने हेतु आवेदन करें। यदि किसी कारणवश पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित रह जाता है तो वह संबंधित अधिकारी या सीधे जिलाधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकता है। जनता दर्शन कार्यक्रम में एडीएम एफ/आर सौरभ भट्ट, एडीएम जे अंजुम बी., एडीएम ई ज्योति मौर्य, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जनता दर्शन का यह आयोजन न केवल शिकायत निवारण का मंच बना, बल्कि प्रशासन और जनता के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी के रूप में भी सामने आया।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



