Image Slider

  • जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम के नेतृत्व में सघन निगरानी और ताबड़तोड़ चेकिंग जारी
  • लाइसेंसी दुकानों से लेकर हिंडन खादर तक अवैध कारोबार पर कड़ी नजर
  • जनसहयोग, मुखबिर तंत्र और सख्त नियमों से नशा माफियाओं पर निर्णायक प्रहार

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जिले में होली पर्व के आने के साथ ही जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीमें पूरी तैयारी के साथ सक्रिय हो गई हैं। इस वर्ष होली को सुरक्षित और नशा मुक्त बनाने के लिए विभाग ने सड़क से लेकर शहर के संवेदनशील इलाकों तक व्यापक निगरानी अभियान शुरू कर दिया है। अधिकारी के अनुसार यह अभियान न केवल शराब तस्करी और अवैध बिक्री को रोकने के लिए है, बल्कि जिले में कानून और व्यवस्था बनाए रखने, युवाओं को सुरक्षित रखने और त्योहार की खुशी को आमजन तक बिना किसी अव्यवस्था के पहुँचाने का भी प्रयास है। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया कि अब विभाग की टीमें जिले की सभी लाइसेंसी शराब की दुकानों की मॉनिटरिंग लगातार कर रही हैं।

हर दुकान पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जाँच की जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि दुकानें नियम के विपरीत संचालन नहीं कर रही हैं। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि दुकानें बंद होने के बाद शराब बेचना, ग्राहकों से अवैध वसूली करना या लाइसेंस के बिना शराब बेचना सख्त अपराध माना जाएगा। ऐसे सभी मामलों में तुरंत कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। संजय कुमार प्रथम ने बताया कि आबकारी निरीक्षकों को विशेष निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्र की सभी दुकानों, ढाबों, होटलों और बारों की लगातार निगरानी करें। उन्होंने कहा दुकानें बंद होने के बाद भी निरीक्षक अपने क्षेत्र की दुकानों की चेकिंग करेंगे और आसपास खुले ढाबों और छोटे होटलों पर भी नजर रखेंगे। किसी भी नियम उल्लंघन की सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

इस दिशा में शनिवार को आबकारी निरीक्षक मनोज शर्मा, अखिलेश कुमार, अनुज वर्मा, चन्द्रजीत सिंह, कीर्ति सिंह, चमन सिंह और दिनेश सिंह ने अपने-अपने क्षेत्रों में लाइसेंसी शराब की दुकानों, ढाबों, होटलों और बारों की व्यापक जांच की। निरीक्षण के दौरान किसी भी अवैध बिक्री या नियम उल्लंघन के संकेत मिलने पर विभाग ने तत्काल नोटिस और हिदायतें जारी की। निरीक्षक सक्रिय रूप से दुकानदारों के रिकॉर्ड की जांच कर रहे थे और ग्राहकों से भी पूछताछ कर रहे थे कि क्या किसी ने नियमों का उल्लंघन किया है। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि विभाग सिर्फ दुकानों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि हिंडन खादर क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ भी अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए टीम ने मुखबिर तंत्र और आसपास के जागरूक नागरिकों के सहयोग को शामिल किया है।

अधिकारी ने कहा हमने स्थानीय लोगों से अपील की है कि किसी भी अवैध शराब बिक्री की सूचना तुरंत विभाग को दें। इसी सहयोग से हम नशा माफियाओं के खिलाफ तेज कार्रवाई कर सकते हैं। संजय कुमार प्रथम के नेतृत्व में टीमें अब न केवल नियमों का पालन सुनिश्चित कर रही हैं, बल्कि शराब तस्करों और अवैध व्यापारियों पर लगातार दबाव बना रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान केवल एक निरीक्षण अभियान नहीं है, बल्कि जिले में नशा मुक्त माहौल स्थापित करने और आम लोगों को सुरक्षित रखने की दिशा में एक रणनीतिक कदम है। उन्होंने यह भी बताया कि टीमों को प्रत्येक दिन अपनी गतिविधियों की रिपोर्ट सीधे उनके कार्यालय में जमा करनी होगी, ताकि जिले में होली तक पूरी सतर्कता और निगरानी बनी रहे। टीम की कार्यशैली को देखते हुए क्षेत्र के नागरिकों ने भी विभाग की सराहना की है।

दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे बिना लाइसेंस किसी भी व्यक्ति को शराब न पिलाएँ और न ही अवैध रूप से बेचें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर ना केवल दुकान के खिलाफ कार्रवाई होगी, बल्कि संचालक को भी कानून के तहत दंडित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग की कार्रवाई केवल दुकानदारों तक ही सीमित नहीं रहेगी, बल्कि खुले ढाबे, होटल और बार पर भी कड़ी निगरानी रहेगी। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया हमारा लक्ष्य होली पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और नशा मुक्त बनाना है। इस दिशा में हमारी टीम पूरी तत्परता और समर्पण के साथ कार्य कर रही है।

हर इंस्पेक्टर अपने क्षेत्र में हर प्रकार के उल्लंघन पर नजर रखेगा। यह अभियान सभी विभागों, पुलिस और नागरिक सहयोग से मिलकर नशा माफियाओं पर प्रभावी प्रहार करेगा। इस अभियान से यह उम्मीद की जा रही है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर नियंत्रण स्थापित होगा और होली पर्व को किसी भी अप्रिय घटना के बिना सुरक्षित रूप से मनाया जा सकेगा। संजय कुमार प्रथम और उनकी टीम का यह अभियान अब पूरे जिले में कानून और व्यवस्था की मिसाल बन चुका है।

संजय कुमार प्रथम
जिला आबकारी अधिकारी

होली जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी लाइसेंसी दुकानों की नियमित निगरानी की जा रही है तथा निर्धारित समय के बाद बिक्री करने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। आबकारी विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रही हैं और संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। विभाग ने निरीक्षकों को निर्देशित किया है कि वे औचक निरीक्षण करें और किसी भी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें। आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील है कहा कि यदि कहीं अवैध शराब की सूचना मिले तो तुरंत विभाग को अवगत कराएं। प्रशासन, पुलिस और जनता के सहयोग से होली का पर्व सुरक्षित, शांतिपूर्ण और नशा मुक्त वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।
संजय कुमार प्रथम
जिला आबकारी अधिकारी

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||