-मिलावटखोरों के खिलाफ लगातार जारी रहेगा अभियान: आशुतोष राय
-तीन स्थानों पर छापेमारी, 1470 किलो संदिग्ध पनीर व 200 किलो खोया नष्ट
– गंदे ड्रमों और अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारण पाए जाने पर कार्रवाई
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आगामी होली पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में व्यापक अभियान छेड़ दिया है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश के निर्देश तथा जिलाधिकारी के आदेशों के अनुपालन में गठित टीमों ने छापेमारी कर लाखों रुपये मूल्य के मिलावटी पनीर और खोया को जब्त कर नष्ट कराया।
बहरामपुर, विजय नगर क्षेत्र में सोमवार देर रात खाद्य सुरक्षा अधिकारियों प्रमोद कुमार वर्मा, अरुण कुमार और अवधेश पाराशर की टीम ने छापेमारी कर पिकअप वाहन से लाए जा रहे पनीर को जब्त किया। यह पनीर राजस्थान के डींग जिले के ग्राम नाहरा तथा अलीगढ़ जनपद के पिसावा क्षेत्र से आपूर्ति हेतु लाया गया था। प्रथम दृष्टया पनीर मिलावटी प्रतीत हुआ तथा गंदे ड्रमों, दूषित पानी और अनुचित तापमान में भंडारण पाया गया।
टीम ने दो नमूने संग्रहित कर 840 किलोग्राम पनीर, जिसकी अनुमानित कीमत 2,52,000 रुपये है, नष्ट करा दिया। इसी क्रम में 24 फरवरी की सुबह राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों महेंद्र प्रताप सिंह और नरेंद्र कुमार की टीम ने मेरठ जनपद के रसूलपुर क्षेत्र से लाए जा रहे पनीर को पकड़ा। जांच में यह पनीर भी संदिग्ध पाया गया। गंदे कंटेनरों और अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे जाने के कारण 430 किलोग्राम पनीर, जिसकी कीमत लगभग 1,17,000 रुपये आंकी गई, नष्ट कराया गया तथा नमूने जांच हेतु भेजे गए। ट्रोनिका सिटी, लोनी क्षेत्र में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट लोनी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों दर्पण कुमार, मुकेश शर्मा और देवांश चतुर्वेदी की टीम ने मुजफ्फरनगर से लाए जा रहे खोया से भरे वाहन को रोका। प्रथम दृष्टया मिलावटी एवं दुर्गंधयुक्त पाए गए 200 किलोग्राम खोया (लगभग 60,000 रुपये मूल्य) को नमूने लेने के बाद नष्ट कर दिया गया। इसके अतिरिक्त बागपत से आए एक अन्य वाहन से खोया के नमूने संग्रहित किए गए।
विभाग द्वारा संग्रहित नमूनों को परीक्षण हेतु क्षेत्रीय जनविश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जाएगी। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय आशुतोष राय ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और मिलावटी खाद्य पदार्थों की आपूर्ति पर पूर्ण रोक लगाने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि अब तक इस विशेष अभियान के तहत कुल 29 नमूने संग्रहित कर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे जा चुके हैं।
उन्होंने व्यापारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और परिवहन में स्वच्छता मानकों का पालन अनिवार्य है, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे खुले या संदिग्ध खाद्य पदार्थ खरीदने से बचें तथा मिलावट की आशंका होने पर तत्काल खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचित करें। प्रशासन का कहना है कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाएगा। होली से पहले चलाए जा रहे इस अभियान से मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों की आपूर्ति किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



