Last Updated:
Seoni News: मामले को लेकर अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाजपा के जिला कार्यालय में संगठन की बैठक के दौरान पहुंच नारेबाजी करते हुए जमकर हंगामा किया.
भाजपा की नई जिला कार्यकारिणी का गठन होते ही बवाल हो गया.
रिपोर्ट- अजहरूद्दीन खान, सिवनी. मध्य प्रदेश के सिवनी में भाजपा जिला संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन होने के बाद संगठन में जबरदस्त अंदरूनी खींचतान देखने को मिल रही है. दरअसल भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष ने ही संगठन की नवीन कार्यकारिणी पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष आशीष माना ठाकुर का आरोप है कि बघेल/बागरी समाज, जिसे मध्य प्रदेश में सामान्य वर्ग में माना जाता है, उस जाति वर्ग से आने वाले व्यक्ति मुकेश बघेल को अनुसूचित जाति का बताकर सिवनी जिला कार्यकारिणी में जिला महामंत्री का पद दिया गया है. उनका यह भी कहना है कि जिले के 27 मंडल अध्यक्षों में एक भी अनुसूचित जाति वर्ग का प्रतिनिधित्व नहीं है. साथ ही उन्होंने पूर्व में बघेल/बागरी समाज के लोगों को अनुसूचित जाति का लाभ लेने पर पदों से हटाए जाने के उदाहरण भी दिए.
मामले को लेकर अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिला भाजपा कार्यालय में संगठन की बैठक के दौरान पहुंच नारेबाजी करते हुए जमकर हंगामा किया और भाजपा जिला प्रभारी के सामने भाजपा जिला संगठन से स्पष्टीकरण और कार्यकारिणी में संशोधन की मांग की. वहीं चेतावनी दी गई है कि यदि इस मामले में जल्द सुनवाई नहीं हुई, तो अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग आंदोलन के लिए बाध्य होगा. वहीं भाजपा जिला प्रभारी ने मामले में संज्ञान लेकर पार्टी फोरम के सामने रखकर उचित जांच किए जाने का आश्वासन दिया है.
कार्यकारिणी में संशोधन की मांग
अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष आशीष माना ठाकुर ने कहा कि प्रदेश संगठन को भ्रामक जानकारी दी गई. अनुसूचित जाति वर्ग का बताकर सामान्य वर्ग के एक व्यक्ति को महामंत्री बनाया गया है. हमारा विषय यह है कि जिस व्यक्ति को अनुसूचित जाति का बताकर महामंत्री बनाया गया है, वह जनरल में आते हैं, जिसके साक्ष्य मध्य प्रदेश शासन नियमावली में भी हैं. हमारे पास सारे सबूत हैं, इसलिए हम प्रदेश संगठन और जिला संगठन से आग्रह करते हैं कि जो छलावा हमारे साथ किया जा रहा है, उसे न करते हुए एससी-एसटी का महामंत्री जो बनाया जाता है, वही बने और कार्यकारिणी में संशोधन किया जाए.
पार्टी फोरम में रखी जाएगी बात
भाजपा के जिला प्रभारी अशोक रोहाणी ने इस बारे में कहा कि उन्हें यह संज्ञान में यह लाया गया है कि अनुसूचित जाति-जनजाति के महामंत्री को हर जिले में पार्टी के कहे के तहत रहना चाहिए. इस मामले में हम पार्टी फोरम में अपनी बात रखेंगे. यह पार्टी का अंदरूनी मामला है और पार्टी इसका संज्ञान लेकर आगे कार्यवाही करेगी.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



