Image Slider

– डीजीसीए की मंजूरी के बाद एयरपोर्ट संचालन का रास्ता हुआ साफ
– नवरात्र के दौरान प्रधानमंत्री के हाथों उद्घाटन की संभावना
– सुरक्षा मानकों से जुड़ी 18 शर्तें पूरी करने के बाद उड़ानें होंगी शुरू

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। नोएडा एयरपोर्ट से व्यावसायिक उड़ानें शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एयरपोर्ट के लिए एयरोड्रम लाइसेंस जारी कर दिया है। इसके साथ ही इसी माह नवरात्र के दौरान एयरपोर्ट के उद्घाटन की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। उद्घाटन के लिए जल्द ही प्रधानमंत्री कार्यालय से समय तय होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रधानमंत्री के हाथों प्रस्तावित है। यह एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि देश की महत्वपूर्ण और महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है। लंबे समय से एयरोड्रम लाइसेंस मिलने का इंतजार किया जा रहा था, लेकिन कुछ सुरक्षा मानकों को पूरा न होने के कारण इसमें देरी हुई। हाल ही में बीकास/बीसीएएस से सुरक्षा मंजूरी मिलने के कुछ ही समय बाद डीजीसीए ने लाइसेंस जारी कर दिया। एयरपोर्ट संचालन के लिए जरूरी दस्तावेज है एयरोड्रम लाइसेंसडीजीसीए देश में एयरपोर्ट और विमानन गतिविधियों को नियंत्रित करने वाली प्रमुख संस्था है।

यह एयरोड्रम लाइसेंस एयरक्राफ्ट रूल्स, 1937 के रूल-78 के तहत जारी किया गया है। यह किसी भी एयरपोर्ट के संचालन के लिए सबसे महत्वपूर्ण आधिकारिक दस्तावेज होता है। यह लाइसेंस यापल को दिया गया है, जो एयरपोर्ट का संचालन करेगी। लाइसेंस मिलने के बाद अब यहां विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ संभव हो सकेगी और सभी एयरलाइनों को समान नियमों व शर्तों पर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। एयरोड्रम लाइसेंस मिलने के बाद एयरपोर्ट से 20 अप्रैल तक उड़ानें शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि बीसीएएस ने एयरपोर्ट को सशर्त सुरक्षा मंजूरी दी है और सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मानकों के अनुरूप करने के लिए 45 दिन का समय दिया गया है। करीब 18 शर्तें तय की गई हैं, जिन्हें उड़ान शुरू होने से पहले पूरा करना होगा। अब एयरपोर्ट प्रबंधन जल्द ही एयरलाइंस को पत्र भेजेगा, ताकि वे टिकट बुकिंग और उड़ानों का शेड्यूल जारी कर सकें। एयरोड्रम लाइसेंस मिलने से पहले टिकटों की बुकिंग संभव नहीं थी।

नोएडा एयरपोर्ट के लिए तय की गई शर्तों को पूरा करना होगा। अगर पूरी नहीं की तो कार्रवाई का भी प्रावधान किया गया है। एयरपोर्ट पर सभी सुविधाएँ, उपकरण, सेवाएँ और संचालन प्रक्रियाएं और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के नियमों के अनुसार सही तरीके से संचालित और रखरखाव की जाएंगी। इसके तहत एयरपोर्ट प्रबंधन को यह सुनिश्चित करना होगा कि सभी व्यवस्थाएँ तय मानकों के अनुरूप हों और सुरक्षा से कोई समझौता न किया जाए। साथ ही एयरपोर्ट का प्रत्येक कर्मचारी अपने कार्य से जुड़े नियमों और प्रक्रियाओं को अच्छी तरह समझे, इसके लिए नियमित प्रशिक्षण की व्यवस्था भी की जाएगी। एयरपोर्ट संचालन के लिए पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित और योग्य कर्मचारियों की नियुक्ति करना भी अनिवार्य होगा। यदि एयरपोर्ट पर किसी प्रकार की बाधा, संभावित खतरा, सेवा में बदलाव या रनवे बंद होने जैसी स्थिति उत्पन्न होती है तो इसकी जानकारी तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल और एरोनॉटिकल सूचना एजेंसी को देनी होगी। वहीं यदि किसी सुविधा या सेवा में पूर्व नियोजित बदलाव किया जाना है तो इसकी सूचना पहले से संबंधित एजेंसियों को दी जाएगी।

एयरपोर्ट पर सुरक्षा और एंटी-हाइजैकिंग से जुड़े सभी नियमों का पालन बकास के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाएगा। इसके अलावा अधिकृत सरकारी अधिकारी के मांगने पर एयरपोर्ट लाइसेंस और संबंधित दस्तावेज जांच के लिए उपलब्ध कराना भी आवश्यक होगा। एयरपोर्ट प्रबंधन को पानी, बिजली और टेलीफोन जैसी मूलभूत सेवाओं से जुड़े सभी शुल्क समय पर संबंधित विभागों को चुकाने होंगे। साथ ही एयरपोर्ट पर आने और जाने वाले हर विमान, यानी लैंडिंग और टेकऑफ का पूरा रिकॉर्ड भी रखा जाएगा। लाइसेंस की अवधि के दौरान एयरपोर्ट की सेवाओं और सुविधाओं का स्तर घोषित मानकों से नीचे नहीं होना चाहिए। वहीं लाइसेंस समाप्त होने से कम से कम दो महीने पहले उसके नवीनीकरण के लिए आवेदन करना जरूरी होगा। इसके साथ ही केंद्र और राज्य सरकार के अन्य सभी लागू नियमों और आवश्यकताओं का पालन करना भी अनिवार्य रहेगा। लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए कुछ अतिरिक्त प्रक्रियाएँ भी पूरी करनी होंगी।

आरके सिंह, सीईओ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड

नोएडा एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू होने की सभी बाधाएं दूर हो गई है। डीजीसीए ने एयरपोर्ट के लिए एयरोड्रम लाइसेंस जारी कर दिया। अब यहां से फ्लाइट को टेकऑफ और लैंड कराया जा सकेगा, जल्द ही पीएमओ से समय मिलने के बाद एयरपोर्ट का शुभारंभ होगा।
– आरके सिंह, सीईओ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||