Image Slider

-सीईओ कृष्णा करुणेश के नेतृत्व में सुगम यातायात व व्यवस्थित सार्वजनिक स्थल पर जोर
-सेक्टरों व प्रमुख मार्गों से हटाए गए अवैध ठेले-पटरी और वेन्डर
-जनशिकायतों के समाधान को रोजाना चलेगा अभियान

उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। शहर को जाम मुक्त, सुव्यवस्थित और आमजन के लिए सुगम बनाने के उद्देश्य से नोएडा प्राधिकरण ने मंगलवार को व्यापक अतिक्रमण-उन्मूलन अभियान चलाया। सड़कों के किनारे, बाजार क्षेत्रों तथा सार्वजनिक स्थलों पर अवैध रूप से लगाए गए वेन्डरों, ठेली-पटरी और अस्थायी कब्जों को हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने की दिशा में कार्रवाई की गई। प्राधिकरण के वर्क सर्किल-1 से 10 की संयुक्त टीमों ने सेक्टर-6, डीएससी रोड, अट्टा मार्केट, सेक्टर-63, सेक्टर-70, सेक्टर-120, सेक्टर-85, सेक्टर-87, सेक्टर-133-134 मार्ग, सेक्टर-129-132 मार्ग, नगला-नगली, ग्राम कोंडली तथा नयागांव मंडी सहित एक्सप्रेस-वे के समानांतर 45 मीटर रोड पर अभियान चलाया।

कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से लगाए गए ठेले-पटरी, अस्थायी ढांचे और सड़क घेरने वाले अवरोध हटाए गए, जिससे यातायात संचालन में सुधार देखा गया। प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार, विभिन्न स्रोतों, आरडब्ल्यूए, फोनर्वा, औद्योगिक संगठनों और नागरिकों से लगातार अनधिकृत वेन्डरों व अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के समाधान और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नियमित कार्रवाई की योजना लागू की गई है।

सीईओ कृष्णा करुणेश के नेतृत्व में चलाया जा रहा यह अभियान केवल अतिक्रमण हटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर के सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित, सुरक्षित और नागरिकों के अनुकूल बनाने की व्यापक पहल का हिस्सा है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण-उन्मूलन की कार्रवाई आगे भी प्रतिदिन जारी रहेगी, ताकि नोएडा को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और जाममुक्त शहर के रूप में विकसित किया जा सके।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||