थाना लिंक रोड पुलिस ने घर से बिना बताए निकलीं दो नाबालिग लड़कियों को दिल्ली के शालीमार रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप कर दिया। दोनों किशोरियां घर से नाराज होकर कहीं दूर जाने की फिराक में ट्रेन का इंतजार कर रही थीं। पुलिस ने मोबाइल नंबर ट्रेस कर उनकी लोकेशन का पता लगाया और तत्काल मौके पर पहुंचकर उन्हें बरामद कर लिया।
एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि 31 अक्टूबर को साहिबाबाद गांव निवासी एक व्यक्ति की 14 वर्षीय नाबालिग पुत्री और कॉलोनी निवासी दूसरे व्यक्ति की 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री सुबह करीब नौ बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई थीं। दोनों के परिजनों ने शाम सात बजे थाना लिंक रोड प्रभारी को फोन के माध्यम से सूचना दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी के निर्देश पर रेलवे रोड चौकी प्रभारी, और महिला कांस्टेबल ने कार्रवाई शुरू की।
पुलिस टीम ने तत्काल सर्विलांस टीम की मदद से दोनों किशोरियों के मोबाइल नंबर ट्रेस किए। मोबाइल की लोकेशन दिल्ली के शालीमार के आसपास मिली। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों व मुखबिर की मदद से दोनों को शालीमार रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में दोनों किशोरियों ने बताया कि वे घर से नाराज होकर कहीं दूर जाने की फिराक में ट्रेन का इंतजार कर रही थीं। पुलिस ने दोनों को महिला हेल्प डेस्क पर बैठाया। इसके बाद रात करीब 10 बजे दोनों किशोरियों को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस की तत्परता से परिजनों ने ली राहत की सांस
दोनों किशोरियों के पिता पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे। पुलिस की कार्रवाई से परिजनों व स्थानीय निवासियों में खुशी की लहर है। साथ ही पुलिस के प्रति विश्वास की भावना भी मजबूत हुई है।