-पहले चरण में 18 गांवों में चल रहा काम, छह आधुनिक उपकरणों से ग्रामीणों को मिलेगी कसरत की सुविधा
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। शहर के पार्कों में ओपन जिम की सुविधा उपलब्ध कराने के बाद अब ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने गांवों में भी लोगों को फिट रखने की तैयारी तेज कर दी है। इसके तहत प्राधिकरण क्षेत्र के अधिसूचित 35 गांवों में ओपन जिम स्थापित कराएगा। इस पहल से ग्रामीणों को बिना किसी शुल्क के व्यायाम करने की सुविधा मिलेगी। खासकर युवाओं और बच्चों को अपने गांव में ही फिटनेस के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध हो सकेगा। प्राधिकरण की योजना के पहले चरण में 18 गांवों में ओपन जिम लगाने का काम कराया जा रहा है। इनमें से करीब 12 स्थानों पर काम पूरा हो चुका है, जबकि अन्य स्थानों पर कार्य जारी है। प्राधिकरण का लक्ष्य है कि पहले चरण का काम इस माह के अंत तक पूरा कर लिया जाए। इसके बाद ग्रामीण इन जिम का उपयोग कर सकेंगे।
दूसरे चरण के लिए फिर से होगी टेंडर प्रक्रिया
पहले चरण के बाद शेष 17 गांवों में भी ओपन जिम स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए प्राधिकरण की ओर से टेंडर जारी किए गए थे, लेकिन निर्धारित मानकों के अनुरूप पर्याप्त प्रतिक्रिया नहीं मिलने के कारण दोबारा टेंडर प्रक्रिया अपनाई जा रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन गांवों में भी काम शुरू कराया जाएगा।
छह आधुनिक उपकरणों से होगी कसरत
प्रत्येक ओपन जिम में छह तरह के व्यायाम उपकरण लगाए जा रहे हैं। इनमें पेट की मांसपेशियों को मजबूत करने के लिए सिट-अप स्टेशन, शरीर को घुमाने के लिए ट्विस्टर, एयर वाकर, वन सीटेड चेस्ट प्रेस, खींचने वाली कुर्सी और पैरों की मांसपेशियों के व्यायाम के लिए लेग प्रेस शामिल हैं। इसके साथ ही सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिम के नीचे मोटी रबर की फ्लोर टाइल्स लगाई जा रही हैं, जिससे व्यायाम के दौरान गिरने पर चोट लगने का खतरा कम हो सके।
स्कूलों और खेल मैदानों में मिलेगी सुविधा
ग्रामीणों की सहूलियत को देखते हुए ओपन जिम के लिए गांवों के प्राथमिक विद्यालयों और खेल मैदानों में स्थान चिह्नित किए गए हैं। इससे बच्चों, युवाओं और अन्य ग्रामीणों को आसानी से व्यायाम करने का अवसर मिलेगा। जिम स्थापित होने के बाद लोगों को फिटनेस के लिए अलग से पैसे खर्च करने या दूर जाने की जरूरत नहीं होगी।
प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह के अनुसार, लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शहरी सेक्टरों के साथ अधिसूचित गांवों में भी ओपन जिम विकसित किए जा रहे हैं। इनकी देखरेख की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था को तीन साल तक दी जाएगी।
इन गांवों में लगेंगे ओपन जिम
योजना के तहत कासना, बिरौंडा, डाढ़ा, सिरसा, खानपुर, लड़पुरा, घंघौला, चीरसी, अस्तौली, गिरधरपुर, अमीनाबाद उर्फ नियाना, रामपुर माजरा, आजमपुर गढ़ी, दलेलगढ़, बागपुर, बिसायच, दादूपुर और नवादा समेत अन्य चिह्नित गांवों में ओपन जिम की सुविधा विकसित की जाएगी। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||

