-अधिक यात्रियों वाले मार्गों पर बढ़ाई गई बसें, सर्वे के आधार पर आगे भी होगा विस्तार
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इलेक्ट्रिक बस सेवा का विस्तार किया है। इसके तहत बसों के मार्गों की संख्या चार से बढ़ाकर आठ कर दी गई है। वहीं, बसों की संख्या भी 25 से बढ़ाकर 35 कर दी गई है। यात्रियों की बढ़ती संख्या और मांग को देखते हुए प्राधिकरण अब विभिन्न मार्गों का सर्वे करा रहा है। इसके आधार पर जरूरत के अनुसार बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
दरअसल, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को सार्वजनिक परिवहन से जोड़ने और जिले में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के उद्देश्य से जून में 100 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया गया था। इनमें 25 बसें ग्रेटर नोएडा, 25 यमुना प्राधिकरण और 50 बसें नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में संचालित की जा रही हैं। ग्रेटर नोएडा में शुरुआत में चार मार्गों पर बसें चलाई गई थीं, लेकिन अब यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मार्गों का विस्तार किया गया है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक (अर्बन सर्विसेज) सन्नी यादव ने बताया कि जिन मार्गों पर अधिक यात्री मिल रहे हैं, वहां बसों की संख्या बढ़ाई गई है। सर्वेक्षण के आधार पर यह निर्णय लिया गया है। आगे भी यात्रियों की संख्या का आकलन कर चरणबद्ध तरीके से बस सेवा का विस्तार किया जाएगा।
इन आठ मार्गों पर चलेंगी ई-बसें
ग्रेटर नोएडा में बॉटनिकल गार्डन से चार मूर्ति चौक, सूरजपुर होते हुए कासना गांव तक इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है। नोएडा सिटी सेंटर से सेक्टर-37, फेज-2 और परी चौक होते हुए कासना गांव तक भी बस सेवा उपलब्ध है। इसी तरह नोएडा सिटी सेंटर से सेक्टर-62, चार मूर्ति चौक और गौर यमुना सिटी होते हुए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक बसें चलाई जा रही हैं। एक अन्य मार्ग नोएडा सिटी सेंटर से सेक्टर-62, चार मूर्ति चौक और परी चौक होते हुए यमुना सिटी के मिर्जापुर कट तक जाता है।
इसके अलावा नोएडा सेक्टर-37 से फेज-2, परी चौक और बिलासपुर होते हुए दनकौर टाउन तक ई-बस सेवा संचालित है। बॉटनिकल गार्डन से एडवांट बिल्डिंग, परी चौक और गौर यमुना सिटी होते हुए नोएडा एयरपोर्ट तक भी बसें चल रही हैं। एडवांट बिल्डिंग से नॉलेज पार्क-1, स्वर्ण नगरी, जगत फार्म होते हुए नॉलेज पार्क-2 तक बस सेवा उपलब्ध है। वहीं, बॉटनिकल गार्डन से एडवांट बिल्डिंग और परी चौक होते हुए मिर्जापुर कट तक भी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है।
मांग के आधार पर बढ़ेगी बसों की संख्या
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने बताया कि सार्वजनिक परिवहन को आमजन के लिए सुगम और किफायती बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। यात्रियों की मांग और सर्वेक्षण के आधार पर नए मार्ग निर्धारित करने के साथ बसों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। योजना है कि ग्रेटर नोएडा के सभी सेक्टरों और आसपास के कस्बों को इलेक्ट्रिक बस सेवा से जोड़ा जाए, जिससे लोगों को आवागमन के लिए बेहतर विकल्प मिल सके।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||

