-सिर्फ शिकायत दर्ज नहीं होगी, मौके पर समाधान चाहिए; अतिक्रमण किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं : विक्रमादित्य सिंह मलिक
-19 शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश, लापरवाही पर साफ चेतावनी
-त्योहारों से पहले हर वार्ड की स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने को विशेष अभियान
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम की जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए मंगलवार को आयोजित संभव जनसुनवाई में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान कुल 19 संदर्भ प्राप्त हुए। नगर आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संभव के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई कर लोगों को राहत पहुंचाना नगर निगम की प्राथमिकता है। संभव जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें पहुंचीं। इनमें निर्माण विभाग से संबंधित सबसे अधिक आठ संदर्भ प्राप्त हुए। इसके अलावा प्रकाश विभाग से तीन, संपत्ति विभाग से तीन, जलकल विभाग से दो, स्वास्थ्य विभाग से एक, उद्यान विभाग से एक और कर विभाग से संबंधित एक संदर्भ प्राप्त हुआ। जनसुनवाई के दौरान ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों की जानकारी देकर कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संभव में आने वाली जन शिकायतों को केवल दर्ज करने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनका मौके के अनुसार परीक्षण कर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान की दिशा में तत्काल कार्रवाई करना है। संबंधित विभाग शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए इसकी प्रगति की निगरानी भी करें, ताकि शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से अधिकारियों के चक्कर न लगाने पड़ें। जनसुनवाई के दौरान नगर निगम के पार्षदों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और सुझावों को नगर आयुक्त के समक्ष रखा। वार्ड संख्या 24 महरौली, वार्ड संख्या 74 वसुंधरा, वार्ड संख्या 89 वैशाली, वार्ड संख्या 18 रजापुर और वार्ड संख्या 88 गांधीनगर के पार्षदों ने क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर चर्चा की।
पार्षदों ने अपने क्षेत्रों के हित में विभिन्न सुझाव भी दिए, जिन पर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान अपर नगर आयुक्त रेनू सिंह, महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद, प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अनिरुद्ध कुमार तथा प्रकाश विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। नगर निगम की ओर से संभव के दौरान प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई भी शुरू की गई। त्वरित समाधान की दिशा में हुई कार्रवाई को लेकर कई शिकायतकर्ताओं ने नगर आयुक्त और नगर निगम अधिकारियों का धन्यवाद भी किया।
विजयनगर में अतिक्रमण पर महाअभियान
संभव जनसुनवाई में विजयनगर क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण से संबंधित शिकायत भी प्रमुखता से सामने आई। नगर आयुक्त ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम बनाकर महाअभियान चलाया जाए। अभियान के दौरान क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जे और अतिक्रमण को किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
नगर आयुक्त ने आगामी त्योहारों को देखते हुए प्रकाश विभाग के अधिकारियों को भी विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी वार्डों में प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण किया जाए और जहां कहीं भी स्ट्रीट लाइट या अन्य प्रकाश संबंधी समस्या हो, उसका समय रहते समाधान कराया जाए। त्योहारों के दौरान शहर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विभागीय स्तर पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


