- 65 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ पहुंचे राष्ट्रपति पार्मेलिन, मंत्री सुनील शर्मा समेत अधिकारियों ने किया स्वागत
- एयरसाइड, एटीसी टावर, यात्री टर्मिनल और सुरक्षा क्षेत्र का किया निरीक्षण, आधुनिक सुविधाओं की ली जानकारी
- स्विस कंपनी कर रही एयरपोर्ट का विकास, आईटी-इलेक्ट्रॉनिक्स और विमानन क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं बढ़ीं
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन मंगलवार को 65 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे। उनके आगमन को भारत और स्विट्जरलैंड के बीच विमानन, तकनीक, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स और औद्योगिक सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उत्तर प्रदेश के आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री सुनील शर्मा, नागरिक उड्डयन विभाग के अपर मुख्य सचिव एवं आईआईडीसी दीपक कुमार तथा इन्वेस्ट यूपी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय किरण आनंद ने एयरपोर्ट पहुंचकर राष्ट्रपति पार्मेलिन और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। स्विस राष्ट्रपति के साथ आए प्रतिनिधिमंडल में स्विट्जरलैंड के राजदूत, नेशनल काउंसिल के सदस्य, वरिष्ठ अधिकारी और करीब 40 उद्योग प्रतिनिधि शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल के जेवर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और एयरपोर्ट की विभिन्न सुविधाओं तथा निर्माण एवं संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से भी प्रदेश में विदेशी निवेश को बढ़ावा देने और वैश्विक कंपनियों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। इस लिहाज से स्विस राष्ट्रपति के नेतृत्व में आए बड़े उद्योग प्रतिनिधिमंडल का जेवर एयरपोर्ट दौरा प्रदेश के लिए आर्थिक और औद्योगिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मंत्री सुनील शर्मा ने कहा स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन का जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आगमन उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। यह दौरा भारत और स्विट्जरलैंड के बीच विमानन, तकनीक, आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में सहयोग की नई संभावनाओं को मजबूत करेगा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश को वैश्विक स्तर पर नई पहचान देने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है। हमें उम्मीद है कि इस दौरे से स्विस कंपनियों के साथ निवेश और तकनीकी साझेदारी के नए अवसर विकसित होंगे तथा प्रदेश में रोजगार और औद्योगिक विकास को भी गति मिलेगी।
एयरपोर्ट की आधुनिक सुविधाओं का लिया जायजा
राष्ट्रपति पार्मेलिन के दौरे की शुरुआत एयरपोर्ट कार्यालय में प्रस्तुतीकरण के साथ हुई। इस दौरान उन्हें नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की निर्माण प्रगति, आधुनिक तकनीक, यात्री सुविधाओं और एयरपोर्ट से जुड़ी भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी गई। राष्ट्रपति ने प्रतिनिधिमंडल को संबोधित भी किया। इसके बाद एयरपोर्ट परिसर में भारतीय संगीत के बीच लंच का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई। लंच के बाद प्रतिनिधिमंडल को दो हिस्सों में बांटा गया।
राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन, उनकी पत्नी और कुछ वरिष्ठ अधिकारियों ने एयरसाइड क्षेत्र का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर का भी जायजा लिया। वहीं, प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों ने यात्री टर्मिनल, सुरक्षा क्षेत्र, बोर्डिंग गेट, एप्रन और बैगेज रीक्लेम सहित एयरपोर्ट की विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने एयरपोर्ट पर विकसित की जा रही आधुनिक व्यवस्थाओं और तकनीकी सुविधाओं को करीब से देखा। अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को एयरपोर्ट के संचालन से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। करीब दो बजे स्विस राष्ट्रपति और उनका प्रतिनिधिमंडल एयरपोर्ट से रवाना हो गया।
स्विस कंपनी कर रही एयरपोर्ट का विकास, निवेश की उम्मीद बढ़ी
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विकास में स्विट्जरलैंड की कंपनी ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की सहायक कंपनी की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति का जेवर एयरपोर्ट पहुंचना दोनों देशों के बीच बढ़ते आर्थिक और तकनीकी संबंधों के लिहाज से खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राष्ट्रपति पार्मेलिन के दौरे से एयरपोर्ट परियोजना के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में स्विस कंपनियों के लिए निवेश की संभावनाओं को भी बल मिलने की उम्मीद है। विमानन क्षेत्र के अलावा आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, तकनीकी सेवाओं, औद्योगिक उत्पादन और अन्य संबंधित क्षेत्रों में भी दोनों देशों के बीच सहयोग के नए अवसर खुल सकते हैं।
जेवर में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आर्थिक और औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। ऐसे में स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति का दौरा इस परियोजना की अंतरराष्ट्रीय अहमियत को भी रेखांकित करता है। प्रतिनिधिमंडल के दौरे के दौरान एयरपोर्ट की आधुनिक सुविधाओं का निरीक्षण करने के साथ भविष्य में तकनीक और उद्योग के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर भी विशेष नजर रही।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


